VIDEO: बांग्लादेश के साथ हुई पाकिस्तान वाली घटना, ये रन आउट की वीडियो देख छूट जाएगी आपकी भी हंसी
बांग्लादेश ने पहले बैटिंग करते हुए मेजबानों के सामने 190 रनों का टारगेट रखा था।
अद्यतन - दिसम्बर 20, 2024 1:16 अपराह्न

वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मुकाबला किंग्सटाउन में खेला गया। इस मैच के दौरान एक हैरान करने वाली घटना देखने को मिली। अगर आप उसका वीडियो देखेंगे तो आपकी भी हंसी छूट जाएगी। दरअसल, इस मैच में बांग्लादेश के दो खिलाड़ी रन लेते हुए एक ही छोर की ओर दौड़ने लगे। बांग्लादेशी बल्लेबाजों को ऐसा करता देख फैंस को पाकिस्तान की याद आ गई।
गौरतलब है कि पाकिस्तान क्रिकेट में ऐसी कई हास्यास्पद घटनाएं देखने को मिली हैं। वहीं अगर बात करें इस मैच की तो बांग्लादेश ने पहले बैटिंग करते हुए मेजबानों के सामने 190 रनों का टारगेट रखा। बांग्लादेश की तरफ से जाकर अली ने 72 रनों की तूफानी पारी खेली। ये फनी रन आउट की घटना जाकर अली और शमीम हुसैन के बीच ही हुई।
जाकर अली और शमीम हुसैन के बीच ऐसे हुई रन आउट की घटना
दरअसल, 15वें ओवर की तीसरी गेंद पर जाकर ने मिड विकेट की दिशा में हल्के हाथों से शॉट खेलकर कर दो रन लेना चाहा। पहले रन के लिए दोनों खिलाड़ी तेजी से दौड़े, मगर जब दूसरे रन की बारी आई तो शमीम ने अपने कदम वापस खींच लिए। वहीं दूसरे छोर से आ रहे जाकर खुद को रोक नहीं पाए और वह स्ट्राइकर एंड की तरफ भागते चले गए।
😵💫A comedy of errors leads to a run out 🏏#WIvBAN | #WIHomeForChristmas pic.twitter.com/8pWJXaTRG2
— Windies Cricket (@windiescricket) December 20, 2024
जब यह घटना घटी तो जाकर 17 के निजी स्कोर पर थे, हालांकि पारी का अंत होते-होते उन्होंने 72 रनों की पारी खेलकर इस रनआउट की भरपाई कर दी। उनके इसी पारी की बदौलत बांग्लादेश इस मैच में वेस्टइंडीज को आसानी से हराने में कामयाब रही।