Nitish Kumar Reddy Pushpa Celebration

VIDEO: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फायर बने नीतीश रेड्डी, फिफ्टी कंप्लीट करने के बाद ‘पुष्पा’ स्टाइल में मनाया जश्न

बॉक्सिंग डे टेस्ट में शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं नीतीश रेड्डी।

Nitish Kumar Reddy (Photo Source: Getty Images)
Nitish Kumar Reddy (Photo Source: Getty Images)

टीम इंडिया के युवा ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर अपने खेल से सभी को काफी प्रभावित किया है। उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में  खेले जा रहे चौथे टेस्ट में अपने बल्ले से छाप छोड़ी है। नीतीश ने शनिवार को मैच के तीसरे दिन मुश्किल हालात में शानदार बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाया और भारत को फॉलोऑन से बचाया।

नीतीश रेड्डी ने खास अंदाज में मनाया अपने अर्धशतक का जश्न

रेड्डी ने 81 गेंदों में अपने करियर की पहली टेस्ट फिफ्टी लगाई। वहीं अर्धशतक पूरा करने के बाद उन्होंने पुष्पा स्टाइल में जश्न मनाया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। नीतीश ने मिचेल स्टार्क द्वारा डाले गए 83वें ओवर की तीसरी गेंद पर चौका लगाकर अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने जैसे ही फिफ्टी कंप्लीट की वैसे ही ‘पुष्पा’ फिल्म में अल्लू अर्जुन के किरदार के स्टाइल में सेलिब्रेट किया।

इस फिल्म के एक फेमस डायलॉग है ‘फ्लावर नहीं, फायर है मैं’। नीतीश ने भी मुश्किल परिस्थितियों में शानदार बैटिंग करके खुद को ‘फायर’ साबित किया। 21 वर्षीय प्लेयर ने बता दिया कि वह भले ही इंटरनेशनल क्रिकेट में नए हैं, लेकिन वो कभी भी मुश्किल स्थिति में डरेंगे नहीं और उसका डटकर सामना करेंगे। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में डेब्यू करने के बाद तीन बार 40 से अधिक की रनों की पारी खेली है। वह एक बार 38 रन बनाकर नाबाद रहे।

मुकाबले की बात करें खराब रौशनी की वजह से मेलबर्न टेस्ट मैच के तीसरे दिन चाय ब्रेक जल्दी ले लिया गया है। टी ब्रेक तक भारत ने अपनी पहली पारी में सात विकेट गंवाकर 326 रन बना लिए हैं। फिलहाल नीतीश रेड्डी 85 रन और वॉशिंगटन सुंदर 40 रन बनाकर नाबाद हैं। दोनों के बीच अब तक आठवें विकेट के लिए 105 रनों की साझेदारी हो चुकी है।

ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 474 रन बनाए थे। पहली पारी के आधार पर भारत अभी भी 148 रन पीछे है। दूसरे सत्र में भारत ने 24 ओवर में 82 रन बनाए और एक भी विकेट नहीं गंवाया। भारत को तीसरे दिन अब तक दो झटके लगे। ऋषभ पंत 28 रन और रवींद्र जडेजा 17 रन बनाकर आउट हुए थे।

close whatsapp