आकाश चोपड़ा ने मोहम्मद शमी की फिटनेस को लेकर खोला बड़ा राज, अगर नहीं हैं चोटिल तो…
पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा का मानना है कि पहले मैच में मोहम्मद शमी को इसलिए नहीं शामिल किया गया क्योंकि टीम मैनेजमेंट के हिसाब से अनुभवी तेज गेंदबाज अभी पूरी तरह से फिट नहीं है।
अद्यतन - जनवरी 23, 2025 4:28 अपराह्न

टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गए पहले टी20 मैच को 7 विकेट रहते अपने नाम किया। इस मुकाबले में टीम इंडिया की ओर से सभी खिलाड़ियों ने काफी अच्छा प्रदर्शन किया और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। तमाम भारतीय फैंस इस बात से काफी खुश थे कि उनकी टीम ने इंग्लैंड को पहले टी20 में हरा दिया है। हालांकि सभी लोग इस बात से निराश भी थे कि मोहम्मद शमी ने पहले टी20 में भाग नहीं लिया।
बता दें कि, मोहम्मद शमी ने टीम इंडिया में काफी समय के बाद वापसी की है। ईडन गार्डन में अभ्यास सत्र के दौरान मोहम्मद शमी को गेंदबाजी का अभ्यास करते हुए भी देखा गया था, हालांकि इसके बावजूद उन्हें पहले टी20 की प्लेइंग XI में जगह नहीं मिली। पूर्व खिलाड़ी आकाश चोपड़ा का मानना है कि पहले मैच में मोहम्मद शमी को इसलिए नहीं शामिल किया गया क्योंकि टीम मैनेजमेंट के हिसाब से अनुभवी तेज गेंदबाज अभी पूरी तरह से फिट नहीं है।
आकाश चोपड़ा ने अपने अधिकारी की यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो साझा की जिसमें उन्होंने कहा कि, ‘एक मैच खत्म हो चुका है और चार अभी भी बचे हुए हैं। मोहम्मद शमी ने पहले मैच में भाग नहीं लिया है और उसका मतलब यही है कि शानदार तेज गेंदबाज अभी पूरी तरह से फिट नहीं है। अगर मोहम्मद शमी फिट होते तो उनको लेकर कोई भी बहाना नहीं बनाया जा सकता था।
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से पहले अभी भी इंग्लैंड के खिलाफ टीम इंडिया को चार मैच खेलने हैं। उन्हें आने वाले मुकाबलों की टीम इंडिया की प्लेइंग XI में शामिल जरूर करना चाहिए। सब चीजों को कट कर दिया जाए और शमी को प्लेइंग XI में वापस से शामिल किया जाए।’
टीम इंडिया को अब इंग्लैंड के खिलाफ दूसरा टी20 25 जनवरी को खेलना है
पहले टी20 जीतने के बाद टीम इंडिया ने 5 मैच की टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। अब इन दोनों टीमों के बीच दूसरा मैच 25 जनवरी को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। भले ही चेन्नई के पिच पर स्पिनर्स को ज्यादा मदद मिलती है लेकिन इस मैच में मोहम्मद शमी को भी मेजबान अपनी प्लेइंग XI में शामिल जरूर करना चाहेगा।
यह देखना भी बेहद जरूरी होगा कि मोहम्मद शमी आगामी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में कैसा प्रदर्शन करते हैं जिसकी शुरुआत 19 फरवरी से पाकिस्तान और UAE में हो रही है। इससे पहले मोहम्मद शमी ने अपना अंतिम अंतरराष्ट्रीय मैच आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।