मिचेल स्टार्क ने अपने जन्मदिन पर खुद को दिया खास तोहफा, इस बेहतरीन लिस्ट में किया अपना नाम शामिल
मिचेल स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 700 विकेट पूरे किए हैं।
अद्यतन - Jan 30, 2025 6:47 pm

ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क ने श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के दौरान एक बेहतरीन उपलब्धि अपने नाम की है। मिचेल स्टार्क ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 700 विकेट पूरे किए हैं। स्टार्क ने यह उपलब्धि श्रीलंका के Dimuth Karunaratne का विकेट लेकर अपने नाम की।
बता दें कि, मिचेल स्टार्क ने अभी तक टेस्ट क्रिकेट में 377 विकेट झटके हैं, जबकि वनडे में उनके नाम 244 विकेट है। इसके अलावा टी20I में इस अनुभवी खिलाड़ी ने 79 विकेट हासिल किए हैं।
ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 654 रन बनाकर घोषित की
इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों ने अपना काम बखूबी निभाया। ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी 6 विकेट पर 654 रन बनाकर घोषित कर दी है। कंगारू टीम की ओर से सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 352 गेंदों में 16 चौके और 1 छक्के की मदद से 232 रनों की शानदार पारी खेली। यह उनका अंतरराष्ट्रीय टेस्ट क्रिकेट में पहला दोहरा शतक है।
उस्मान ख्वाजा के अलावा स्टीव स्मिथ ने भी धाकड़ बल्लेबाजी करते हुए 12 चौके और दो छक्कों की मदद से 141 रन बनाए, जबकि जोश इंग्लिस ने 102 रनों का योगदान दिया। ट्रेविस हेड ने 57 रन बनाए, जबकि एलेक्स केरी ने 46* रन की बहुमूल्य पारी खेली। ब्यू वेबस्टेर ने 23 रन बनाए।
अभी तक इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने अपना दबाव बनाया हुआ है। श्रीलंका की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ काफी खराब हुई है और उन्होंने अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट जल्द खो दिए हैं। यह देखना बेहद रोमांचक होगा कि अब श्रीलंका इस मैच में कैसे वापसी करता है। मिचेल स्टार्क ने अभी तक एक विकेट झटका है, लेकिन इस टेस्ट सीरीज में वो काफी घातक साबित हो सकते हैं।