मोहम्मद नबी रिटायरमेंट

स्टार अफगानी ऑलराउंडर ने रिटायरमेंट से लिया यू-टर्न, अब अपने बेटे के साथ खेलना चाहते हैं वनडे

चैंपियंस ट्रॉफी के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने वाले थे मोहम्मद नबी।

Mohammad Nabi of Afghanistan
Mohammad Nabi of Afghanistan(Photo by Joe Allison-ICC/ICC via Getty Images)

अफगानिस्तान टीम के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी ने पिछले साल नवंबर में इस बात का ऐलान किया था कि वे आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के बाद वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लेंगे। लेकिन ऐसा लग रहा है कि, अब उनका प्लान कुछ और ही है और शायद इसी वजह से उन्होंने रिटायरमेंट से यू-टर्न भी ले लिया है।

अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) का मानना ​​है कि अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के लिए उम्र महज एक संख्या है, क्योंकि उन्होंने अपने वनडे रिटायरमेंट प्लान से यू-टर्न लेने का फैसला किया है। नबी का अगला टारगेट है कि वे अपने बेटे के साथ वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट अफगानिस्तान के लिए खेलें।

एसीबी ने पहले क्रिकबज के हवाले से पुष्टि की थी कि नबी बुधवार 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी के बाद खेल के 50 ओवर के प्रारूप से संन्यास लेना चाहते हैं। हालांकि, मोहम्मद नबी ने हाल ही में आईसीसी से कहा कि, वह चैंपियंस ट्रॉफी के बाद भी खेलना जारी रखना चाहेंगे और अपने 18 वर्षीय बेटे हसन ईसाखिल के साथ अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व करना चाहते हैं। नबी के बेटे ईसाखिल ने 2024 में अंडर 19 वर्ल्ड कप में सलामी बल्लेबाज के रूप में अफगानिस्तान का प्रतिनिधित्व किया, लेकिन चार मैचों में केवल 43 रन ही बनाए थे।

अपने रिटायरमेंट को लेकर मोहम्मद नबी ने दिया बड़ा बयान

आईसीसी से बात करते हुए नबी ने कहा, “ये शायद मेरा आखिरी वनडे टूर्नामेंट (चैंपियंस ट्रॉफी) ना हो और मैं शायद कम वनडे खेलूंगा और युवाओं को अनुभव हासिल करने का मौका दूंगा। मैंने सीनियर खिलाड़ियों से इस बारे में चर्चा की है और उच्च स्तरीय खेलों में, शायद या शायद नहीं, ये हम देखेंगे। यह मेरी फिटनेस पर निर्भर करेगा। यह मेरा सपना है (देश के लिए एक साथ अपने बेटे के साथ खेलना) और उम्मीद है कि हम इसे पूरा कर पाएंगे। वह बहुत अच्छा कर रहा है, वह कड़ी मेहनत करता है और मैं भी उसे मेहनत करने के लिए प्रेरित कर रहा हूं।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं चाहता हूं कि वह अपने लक्ष्य खुद बनाए, अगर आप उच्च स्तरीय क्रिकेटर बनना चाहते हैं, तो आपको कड़ी मेहनत करनी होगी। 50 या 60 रन बनाना ही काफी नहीं है, आपको 100 से ज्यादा रन भी बनाने होंगे। वह हर समय मेरी बात सुनता है और मुझे प्रेरित करता है। जब वह मुझसे बात करता है, तो मैं उसे खेल के लिए आत्मविश्वास देने के लिए सलाह देने की कोशिश करता हूं।”

close whatsapp