रोहित शर्मा के कैच ड्रॉप को लेकर अक्षर पटेल ने दी बड़ी प्रतिक्रिया, बोले- “मैंने तो जश्न…”
अक्षर पटेल ने बांग्लादेश के खिलाफ 9 ओवरों में 43 रन देकर दो विकेट चटकाए।
अद्यतन - फरवरी 20, 2025 8:41 अपराह्न

ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ अपनी शानदार गेंदबाजी से अक्षर पटेल खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। उन्होंने 9 ओवरों में 43 रन देकर दो विकेट चटकाए। स्पैल के पहले ही ओवर में अक्षर पटेल हैट्रिक लेने से चूक गए। 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर अक्षर ने पहले तंजीद हसन (25) को अपना शिकार बनाया था।
तीसरी गेंद पर फिर मुश्फिकुर रहीम गोल्डन डक पर आउट हुए और चौथी गेंद पर जाकेर अली लगभग आउट हो ही चुके थे, लेकिन स्लिप पर तैनात रोहित शर्मा ने कैच ड्रॉप कर दिया। कैच छोड़ने के बाद भारतीय कप्तान काफी ज्यादा निराश दिखे थे, उन्होंने हाथ जोड़कर माफी भी मांगी। अब इस बीच, हैट्रिक से चूकने पर अक्षर पटेल का बड़ा रिएक्शन सामने आया है।
मैंने जश्न मनाना शुरू कर दिया था- अक्षर पटेल
IND vs BAN मैच की पहली पारी के बाद अक्षर पटेल ने स्टार स्पोर्ट्स पर रोहित शर्मा के कैच ड्रॉप और हैट्रिक मिस होने को लेकर बात करते हुए कहा,
“तीसरी गेंद पर जब किनारा लगा, तो मुझे लगा कि मैंने अपनी हैट्रिक ले ली है। मैंने जश्न मनाना शुरू किया और फिर मैंने देखा (रोहित ने कैच छोड़ दिया)। मैंने कोई रिएक्शन नहीं दिया और बस वापस आ गया। यह खेल का हिस्सा है।”
अक्षर पटेल ने आगे बात करते हुए दुबई की पिच के नेचर को लेकर बात करते हुए कहा कि टीम को जो टारगेट (229 रन) मिला है, वह आसान है। साथ ही उन्होंने टीम में अपनी भूमिका को लेकर भी बात की।
“बाद में विकेट पर बल्लेबाजी करना आसान हो गया और मुझे लगता है कि यह एक आसान टारगेट है। यह एक स्लो विकेट है और जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती जाती है, बल्लेबाजी करना आसान होता जाता है। दूसरी पारी में, यह स्लो ही रहेगा। मेरी भूमिका तब योगदान देना है जब मेरी टीम को इसकी आवश्यकता हो। मुझे खुशी है कि टीम मुझ पर बहुत भरोसा करती है।”