आईसीसी टूर्नामेंट और मोहम्मद शमी की एक बेहतरीन लव स्टोरी है: पीयूष चावला
चैंपियंस ट्राॅफी में शमी ने अपने पहली मैच में पांच विकेट लेकर सनसनी मच दी है।
अद्यतन - फरवरी 21, 2025 7:25 अपराह्न

जारी आईसीसी चैंपियंस ट्राॅफी में टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच से शुरुआत कर दी है। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला 20 फरवरी को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम पर खेला गया। इस मुकाबले में पहले गेंदबाजी में मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने बेहतरीन प्रदर्शन किया, तो उसके बाद शुभमन गिल की शतकीय पारी के दम पर भारत ने मैच को 6 विकेट से अपने नाम किया।
शमी ने मुकाबले में 10 ओवर में 53 रन देकर पांच विकेट हासिल किए, जो उनका चैंपियंस ट्राॅफी में करियर बेस्ट गेंदबाजी है। वहीं, यह पहली बार नहीं है जब शमी ने किसी आईसीसी टूर्नामेंट में कमाल का प्रदर्शन किया है।
शमी ने बीते समय में कई यादगार प्रदर्शन किए हैं। दूसरी ओर, शमी के आईसीसी टूर्नामेंट्स में प्रदर्शन को लेकर अनुभवी भारतीय खिलाड़ी और 2007 टी20 वर्ल्ड कप व 2011 क्रिकेट वर्ल्ड कप विजेता पीयूष चावला (Piyush Chawla) ने बड़ा बयान दिया है।
Piyush Chawla ने दिया बड़ा बयान
बता दें कि जियो हाॅटस्टार एक्सपर्ट पीयूष चावला ने भारत बनाम बांग्लादेश मैच खत्म होने के बाद कहा- आईसीसी टूर्नामेंट और मोहम्मद शमी की एक बेहतरीन प्रेम कहानी है। जब भी वह किसी आईसीसी टूर्नामेंट में खेलते हैं, तो वह बिल्कुल अलग गेंदबाज बन जाते हैं।
वह चोट से वापस आ रहे हैं, और हाल की द्विपक्षीय सीरीज में वह थोड़े थके हुए दिख रहे थे, लेकिन सकारात्मक संकेत यह था कि उन्हें अपने ओवर मिल रहे थे। आज, वह काफी बेहतर दिख रहे थे। हमें अभी भी 100% शमी देखना बाकी है, लेकिन यह पांच विकेट निश्चित रूप से उनके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा।
चावला ने आगे कहा- परिस्थितियों का आकलन करना महत्वपूर्ण है, और शमी अपनी सीधी सीम स्थिति के साथ जानते हैं कि गेंद को कहां पिच करना है। उन्होंने लगातार छह से आठ मीटर की लेंथ पर गेंदबाजी की, जिससे पिच से थोड़ी गति मिली। इसी वजह से वह नई गेंद से विकेट लेने में सफल रहे। उनको वैरिएशन का इस्तेमाल करते हुए देखकर अच्छा लगा, जिसमें कई सारी स्लो गेंदें शामिल थीं।