WPL 2025, DC-W vs UPW-W: यूपी वाॅरियर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 33 रनों से हराया, ग्रेस हैरिस ने झटकी हैट्रिक - क्रिकट्रैकर हिंदी

WPL 2025, DC-W vs UPW-W: यूपी वाॅरियर्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 33 रनों से हराया, ग्रेस हैरिस ने झटकी हैट्रिक

हैरिस ने आखिरी ओवर में हैट्रिक लेकर DC की पारी का अंत किया

Delhi Capitals Women vs UP Warriorz Women, 8th Match (Image Credit- Twitter X)
Delhi Capitals Women vs UP Warriorz Women, 8th Match (Image Credit- Twitter X)

Womens Premier League 2025: जारी महिला प्रीमियर लीग का 8वां मैच आज 22 फरवरी, शनिवार को दिल्ली कैपिटल्स और यूपी वाॅरियर्स की महिला टीमों के बीच खेला गया। बता दें कि बेंगलुरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम पर खेले गए इस मुकाबले में यूपी ने दिल्ली को 33 रनों से हरा दिया है।

पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वाॅरियर्स ने 178 रनों का टारगेट दिल्ली के सामने जीत के लिए रखा था, जिसका पीछा करते हुए दिल्ली 19.3 ओवरों में 144 रनों पर ऑलआउट हो गई। यूपी के लिए पारी के आखिरी ओवर में ग्रेस हैरिस ने निकी प्रसाद, अरुंधती रेड्डी और मीनू मणि को आउट कर अपनी पहली और टूर्नामेंट की तीसरी हैट्रिक पूरी की।

DC-W vs UPW-W आठवें WPL मैच का हाल

मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो दिल्ली कैपिटल्स की महिला टीम ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी वाॅरियर्स की महिला टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 177 रन बनाए।

वो तो टीम के लिए नंबर 8 पर बल्लेबाजी करने आईं ऑलराउंडर चिनले हेनरी ने 23 गेंदों में 2 चौके और 8 छक्कों की मदद से कुल 62 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत यूपी एक मजबूत टारगेट तक पहुंचने में सफल रही। इसके अलावा ताहिला मैग्रा ने 24 और केपी नवगिरे ने 17 रनों की पारी खेली।

दूसरी ओर, दिल्ली कैपिटल्स की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए, तो स्पिनर जेस जोनासेन ने 4 ओवर में 31 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा मारिजान काप और अरुंधती रेड्डी को 2-2 विकेट मिले। इसके अलावा शिखा पांडे को 1 विकेट मिला।

इसके बाद जब दिल्ली कैपिटल्स यूपी वाॅरियर्स से मिले 178 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी, तो उसकी पारी 144 रनों पर सिमट गई। इस बड़े रनचेज में टीम के लिए सिर्फ जेमिमा राॅड्रिग्स ही 56 रनों की बड़ी पारी खेल पाई, लेकिन और कोई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।

तो वहीं, यूपी की ओर से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली। क्रांति गौड़ और ग्रेस हैरिस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4-4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा चिनले हेनरी और दीप्ति शर्मा को 1-1 विकेट मिला।

close whatsapp