ना जाने शमी को लगी किसकी नजर, बीच मैच में छोड़ा मैदान और फैन्स गए डर
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी चोट लगने के बाद मैदान छोड़कर बाहर जा चुके हैं।
अद्यतन - फरवरी 23, 2025 3:30 अपराह्न

भारत और पाकिस्तान के बीच आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का महत्वपूर्ण मैच इस समय दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस महत्वपूर्ण मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। दोनों ही टीमों के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है। हालांकि, शुरुआती ओवरों में ही टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है।
अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी पैर में कुछ पारेशानियों के कारण मैदान छोड़कर बाहर जा चुके हैं। घुटने में दर्द उठने के बाद मोहम्मद शमी को मैदान से बाहर जाते हुए देखा गया। यह सब देखने को मिला पाकिस्तान की पारी के पांचवें ओवर में। इस ओवर की चौथी गेंद फेंकने के बाद मोहम्मद शमी को घुटने में काफी परेशानी हुई।
यही नहीं फिजियो भी मोहम्मद शमी की चोट को देखने के लिए मैदान पर आए। मोहम्मद शमी ने अपने इस ओवर को खत्म किया और फिर मैदान छोड़कर बाहर चले गए। अभी तक इस मैच में मोहम्मद शमी ने तीन ओवर में बिना कोई विकेट लिए 13 रन दिए हैं।
हार्दिक पांड्या ने दिलाई भारत को पहली सफलता
भारतीय टीम के बेहतरीन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने अपनी टीम को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई है। अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम ने शुरुआत तो अच्छी की, लेकिन वह उसे बड़े स्कोर में तब्दील नहीं कर पाए। बाबर आज ने इस मैच में 26 गेंद में पांच चौकों की मदद से 23 रन बनाए।
पिछले काफी समय से बाबर आजम फॉर्म में नजर नहीं आए हैं। तमाम फैंस को उम्मीद थी कि वह भारत के खिलाफ बड़ा स्कोर जरूर बनाएंगे, लेकिन हार्दिक पांड्या ने ऐसा होने नहीं दिया और अपनी टीम को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई।
भले ही टीम इंडिया को पहली सफलता मिल गई है, लेकिन उन्हें अभी मैच जीतने के लिए जल्द से जल्द पाकिस्तान को ऑलआउट करना होगा। टीम इंडिया के लिए अच्छी बात यह है कि उनके सभी खिलाड़ी इस समय जबरदस्त फॉर्म में है और पाकिस्तान के खिलाफ वह इस मैच को जरूर जीतना चाहेंगे। वहीं पाकिस्तान को मैच जीतने के लिए भारत के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाना होगा।