आज ही के दिन 2010 में Sachin Tendulkar ने रचा था इतिहास, बने थे वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी
147 गेंदों में 200 रन बनाकर नाबाद रहे थे सचिन तेंदुलकर
अद्यतन - Feb 24, 2025 7:39 pm

पूर्व भारतीय दिग्गज क्रिकेटर और क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने वैसे तो अपने 24 साल के इंटरनेशनल क्रिकेट करियर में बहुत सारे रिकाॅर्ड्स बनाए। वह ना सिर्फ इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन (34357) रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं, बल्कि उन्होंने सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच भी खेले हैं।
तो वहीं, एक ऐसा ही खास रिकाॅर्ड सचिन ने साल 2010 में आज ही के दिन साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था। उस साल तीन मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मैच ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेला गया था। इस मैच में तेंदुलकर ने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 147 गेंदों में 200* रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी। इस पारी के साथ वह वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने थे।
साउथ अफ्रीका की ओर से डेल स्टेन, जैक कैलिस, चार्ल लैंगवेट और जेपी डुमिनी जैसे गेंदबाजों के खिलाफ सचिन तेंदुलकर शानदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए नजर आए थे। इस पारी की वजह से सचिन का नाम क्रिकेट इतिहास में सदा के लिए दर्ज हो गया।
How Old were You When 37 yr Sachin proved Nothing is Impossible.
OTD in 2010 Sachin Tendulkar 200* Vs South Africa
When @sachin_rt at 198*, world's biggest cricket website Cricinfo crashed bcz 5.5M user opened site to watch #SachinTendulkar pic.twitter.com/7OmdHpjCR5
— CrickeTendulkar 🇮🇳 (@CrickeTendulkar) February 24, 2025
भारत ने 153 रनों से जीता था मैच
इस मैच के बारे में आपको जानकारी दें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सचिन तेंदुलकर के 200* रनों की शानदार पारी के दम पर तीन विकेट के नुकसान पर कुल 401 रन बनाए थे। साथ ही मैच में दिनेश कार्तिक ने 79 और धोनी ने 68* रनों की पारी खेली थी। साउथ अफ्रीका की ओर से वेन पार्नेल को 2 और रिलाॅफ वान डर मर्व को 1 विकेट मिला था।
इसके बाद जब साउथ अफ्रीका भारत से मिले 402 रनों के मजबूत टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह भारत की कमाल की गेंदबाजी के खिलाफ 42.5 ओवरों में महज 248 रनों पर ऑलआउट हो गई थी।
टीम के लिए सिर्फ एबी डिविलियर्स 114* रन बनाकर नाबाद रहे थे, लेकिन बाकी और कोई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया था। मुकाबले में टीम इंडिया की ओर से एस श्रीसंत को 3 और आशीष नेहरा, रवींद्र जडेजा और यूसुफ पठान को 2-2 सफलताएं मिली थीं। इसके अलावा 1 विकेट प्रवीण कुमार को भी मिला था।