रोहित शर्मा नहीं ले रहे वनडे से संन्यास…, बोले- “जो चल रहा है चलेगा….”
रोहित शर्मा ने चैंंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीता।
अद्यतन - मार्च 10, 2025 1:10 पूर्वाह्न

ICC चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से शिकस्त देकर भारत ने ट्रॉफी जीती। टीम ने तीसरी बार इस टाइटल पर कब्जा किया है। टीम अब टूर्नामेंट के इतिहास की सबसे सफल टीम बन गई है। मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 251 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया ने एक ओवर शेष रहते हुए लक्ष्य का पीछा कर लिया।
चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल से पहले रोहित शर्मा के वनडे से संन्यास की अफवाहें उड़ रही थी। मैच से पहले शुभमन गिल ने अफवाहों को नकारते हुए कहा था कि, रोहित जो भी फैसला लेंगे वो मैच के बाद करेंगे। इस बीच, फाइनल में जीत के बाद रोहित ने अपने संन्यास की खबरों को लेकर बड़ा बयान दे दिया है।
संन्यास को लेकर रोहित शर्मा ने बोली यह बात
न्यूजीलैंड के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी 2025 फाइनल में जीत के बाद रोहित शर्मा ने पोस्ट मैच प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कहा,
“कोई फ्यूचर प्लान नहीं है, जो चल रहा है चलेगा। मैं इस फॉर्मेट से संन्यास नहीं ले रहा हूं।”
रोहित शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी कर प्लेयर ऑफ द मैच खिताब भी अपने नाम किया। उन्होंने 83 गेंदों में 7 चौके और 3 छक्कों की मदद से 76 रन की शानदार पारी खेली। बता दें, यह आईसीसी फाइनल में रोहित का पहला अर्धशतक है। उन्होंने अपनी बैटिंग को लेकर बात करते हुए कहा,
“मैंने 2019 वर्ल्ड कप में खूब रन बनाए लेकिन मजा नहीं आया… टीम जीत नहीं पाई। जब टीम जीतती है और आप योगदान देते हैं तो संतुष्टि मिलती है। मेरे दिमाग में यह स्पष्ट है कि मुझे कैसे बल्लेबाजी करनी है और मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं।”