कामरान अकमल ने पाकिस्तान की जमकर आलोचना की । CricTracker Hindi

चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में हम D टीम को भी नहीं हरा पाए जो हमारे देश आई थी: कामरान अकमल ने पाकिस्तान की जमकर आलोचना की

पाकिस्तान टीम इस टूर्नामेंट में एक मैच में भी जीत दर्ज नहीं कर पाई थी।

Kamran Akmal
Kamran Akmal. (Photo Source: YouTube)

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में पाकिस्तान का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा था। टीम टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं जीत पाई और लीग स्टेज से बाहर हो गई थी। पाकिस्तान को उनके पहले लीग मैच में न्यूजीलैंड ने 60 रन से हराया था। इसके बाद दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से मात दी थी।

वहीं पाकिस्तान का अंतिम लीग मैच बांग्लादेश के खिलाफ बारिश की वजह से रद्द हो गया था। 29 साल बाद कोई आईसीसी टूर्नामेंट पाकिस्तान में होस्ट किया गया था, लेकिन टीम बेहतर खेल नहीं सकी। इस बीच पूर्व खिलाड़ी कामरान अकमल ने पाकिस्तान टीम की जमकर आलोचना की है।

कामरान अकमल ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर कहा कि, ‘हमारे देश में जो D टीम आई थी उनके खिलाफ भी हमें हार झेलनी पड़ी। आपकी टीम काफी शानदार थी, लेकिन तभी आपको सम्मान मिलता है जब आप मैच खेले और उसे जीते। मैच के बाद की सेरेमनी भी काफी शर्मनाक थी। हमारा यही लक्ष्य था कि हम इवेंट होस्ट करें जिसमें हम सफल भी रहे, लेकिन आपको तब सम्मान मिलता है जब टीम अच्छा क्रिकेट खेलता है। हमने आठवें पायदान पर फिनिश किया और सब लोग हमारा मजाक उड़ा रहे हैं।

लंबे समय के बाद पाकिस्तान में एक टूर्नामेंट आयोजित किया गया, लेकिन इसको लेकर सेरेमनी में किसी ने भी बातचीत नहीं की। यह बहुत ही शर्मनाक बात है।’

हमारा प्रदर्शन पिछले 5 से 6 साल में काफी खराब रहा है: कामरान अकमल

पूर्व खिलाड़ी ने आगे कहा कि, ‘चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल समाप्त हो चुका है, लेकिन आईसीसी ने हमें दिखा दिया है कि हम वर्ल्ड क्रिकेट में कैसा प्रदर्शन कर रहे हैं। क्लोजिंग सेरेमनी में चेयरपर्सन भी मौजूद नहीं थे, लेकिन टीम के डायरेक्टर मौजूद थे। उन्हें भी आना चाहिए था, मगर मुझे समझ नहीं आ रहा कि आखिर वह क्यों नहीं आए। जिस तरीके से हमने क्रिकेट खेला है, हमारा प्रदर्शन पिछले 5 से 6 सालों में काफी खराब रहा है। टीम को अब अच्छा क्रिकेट खेलना होगा।’

पाकिस्तान की बात की जाए तो उन्हें अब न्यूजीलैंड का दौरा करना है। इस दौरे पर दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज और तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 16 मार्च से हो रही है।

close whatsapp