शार्दुल ठाकुर ने गेंदबाजों के हक़ में उठाई आवाज | CricTtracker Hindi

“हम वैसा मैच नहीं चाहते हैं जहां बल्लेबाज हमें आकर कुचल दें”- शार्दुल ठाकुर ने क्यों दिया ऐसा बयान

लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने आईपीएल 2025 में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है।

Shardul Thakur (Pic Source-X)
Shardul Thakur (Pic Source-X)

लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने कहा है कि, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में हाई स्कोरिंग मैचों के बीच बल्ले और गेंद के बीच संतुलन होना बेहद जरूरी है। 2024 के बाद से आईपीएल में कई हाई स्कोरिंग मुकाबले देखने को मिले हैं क्योंकि इम्पैक्ट प्लेयर नियम की शुरुआत ने टीमों को अधिक स्वतंत्र रूप से बल्लेबाजी करने और अपने लाइनअप में एक अतिरिक्त खिलाड़ी होने का लाभ उठाने की अनुमति दी है।

मौजूदा सीजन के पहले कुछ मैचों में भी टीमों ने चार बार 230 रन का आंकड़ा पार किया। हाल के हाई-स्कोरिंग मैचों के बीच, शार्दुल ठाकुर ने आयजकों से टूर्नामेंट में स्पोर्टिंग विकेट तैयार करने की गुजारिश की है, जिससे गेंदबाजों को कुछ मदद मिल सके।

गेंदबाजों के हित में बोले शार्दुल ठाकुर

शार्दुल ठाकुर ने पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ मैच से पहले कहा, “यह वह नहीं है जो मैं चाहता हूं, बल्कि यह वह है जो गेंदबाज चाहते हैं। उनमें से बहुत कोई खुलकर नहीं बोल सकते हैं या उन्हें मीडिया के सामने बोलने या पिच की स्थिति के बारे में इंटरव्यू देने का मौका नहीं मिल सकता है। गेंदबाज बस यही कह रहे हैं कि पिच को इस तरह से तैयार किया जाए कि खेल संतुलन में रहे और यह सिर्फ एकतरफा न हो जहां बल्लेबाज आकर हमें कुचल रहे हों, क्योंकि हम खेल में उचित मौका और उचित अवसर चाहते हैं।”

इसके अलावा, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने इम्पैक्ट प्लेयर नियम पर भी अपने विचार साझा किए और कहा कि यह केवल उच्च हाई स्कोरिंग खेलों के लिए जिम्मेदार नहीं है क्योंकि पिचों की भी इसमें प्रमुख भूमिका होती है।

उन्होंने कहा, “इम्पैक्ट प्लेयर नियम एक मनोरंजन कारक है और खेल बहुत बदल जाता है, लेकिन ये 250 स्कोर केवल इस नियम में बदलाव के कारण नहीं बल्कि पिचों को जिस तरह से बनाया जा रहा है उसके कारण भी बन रहे हैं। हम सिर्फ एक गेंदबाजी इकाई के रूप में कह रहे हैं कि हमें एक निष्पक्ष और सीधा मौका दिया जाए जहां हम बल्लेबाज को आउट कर सकें।”

close whatsapp