IPL 2025: आरसीबी के खिलाफ जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन रहा है जबरदस्त, जाने घातक तेज गेंदबाज के आंकड़ों के बारे में यहां
मुंबई इंडियंस ने अभी तक आईपीएल 2025 में चार मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ एक में टीम ने जीत दर्ज की है।
अद्यतन - अप्रैल 6, 2025 10:36 अपराह्न

इंडियन प्रीमियर लीग 2025 में भारतीय टीम के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की एंट्री हो चुकी है। मुंबई इंडियंस ने आज यानी 6 अप्रैल को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है, जिसमें देखा जा सकता है कि जसप्रीत बुमराह फ्रेंचाइजी से जुड़ चुके हैं। बता दें कि चोटिल होने की वजह से बुमराह मुंबई इंडियंस के शुरुआती मुकाबलों में भाग नहीं ले पाए थे।
हालांकि, उन्हें अब बचे हुए मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। मुंबई इंडियंस ने अभी तक आईपीएल 2025 में चार मैच खेले हैं, जिसमें से सिर्फ एक में टीम ने जीत दर्ज की है, जबकि तीन मैच वह हार चुके हैं। मुंबई इंडियंस ने सिर्फ कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ जीत दर्ज की है। जबकि चेन्नई सुपर किंग्स, गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच गंवाया है।
अब मुंबई इंडियंस को अपना अगला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 7 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलना है। इस मैच में मुंबई की ओर से सभी खिलाड़ियों को जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए देखा जा सकता है। जसप्रीत बुमराह भी आरसीबी के खिलाफ मैच में आक्रामक गेंदबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं। आरसीबी के खिलाफ जसप्रीत बुमराह के आंकड़ों की बात की जाए तो उन्होंने 19 मैचों में 19.03 की औसत से 29 विकेट झटके हैं।
घातक तेज गेंदबाज ने 5 विकेट हॉल भी आरसीबी के खिलाफ लिया है। उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी स्पेल आरसीबी के खिलाफ 21 रन पर पांच विकेट है।
मुंबई इंडियंस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच जीतना है बेहद जरूरी
भले ही अभी तक मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी सीजन में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए हैं, लेकिन आने वाली चुनौतियों में उन्हें शानदार प्रदर्शन करना होगा। आरसीबी के खिलाफ रोहित शर्मा को भी बल्लेबाजी करते हुए देखा जा सकता है, जो चोटिल होने की वजह से लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच में भाग नहीं ले पाए थे।
फिलहाल तमाम क्रिकेट फैंस की निगाहें जसप्रीत बुमराह पर जरूर होगी। लंबे समय के बाद जसप्रीत बुमराह चोट से ठीक होकर क्रिकेट फील्ड पर जबरदस्त प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह से तैयार होंगे।