IPL 2025: RCB के खिलाफ कैसा रहा है हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन, आंकड़ों से समझिए यहां
आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार्दिक का प्रदर्शन लाजवाब रहा है
अद्यतन - अप्रैल 6, 2025 6:12 अपराह्न

आईपीएल 2025 के 20वें मैच में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें आमने-सामने होंगी। यह मैच 7 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस को टूर्नामेंट में अपने लय का इंतजार है। टीम ने चार मैचों में से तीन मैच गंवाए हैं। बात करें हार्दिक पांड्या की तो वह टूर्नामेंट में लय में नजर नहीं आए हैं।
हालांकि, आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा है। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से अच्छा प्रदर्शन किया है। हार्दिक ने आरसीबी के खिलाफ 16 पारियों में 319 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक भी शामिल है। ये रन उन्होंने 45.57 की औसत और 155.60 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। हार्दिक का आरसीबी के खिलाफ सर्वोच्च स्कोर 62* का है।
वहीं हार्दिक पांड्या ने गेंद से कमाल दिखाते हुए पांच विकेट चटकाए हैं। हालांकि, वह काफी महंगे साबित हुए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग आंकड़ा 3/28 है। एमआई के कप्तान RCB के खिलाफ एक बार फिर गेंद और बल्ले से अहम योगदान देना चाहेंगे।
यहां देखें हार्दिक पांड्या का आरसीबी के खिलाफ रिकॉर्ड
- पारी- 16
- रन- 319
- सर्वोच्च स्को- 62*
- औसत- 45.57
- स्ट्राइक रेट- 155.60
- अर्धशतक- 2
- विकेट- 5
- BBI- 3/28
- इकोनॉमी- 10.32
पिछले मैच में मुंबई और आरसीबी को मिली हार
बात करें मुंबई इंडियंस की तो उन्हें लखनऊ के खिलाफ अपने पिछले मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था। लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मिचेल मार्श और एडन मार्करम के अर्धशतकीय पारी की बदौलत लखनऊ ने 8 विकेट के नुकसान पर 203 रनों का विशाल स्कोर बनाया। मुंबई के लिए मैच में हार्दिक पांड्या ने पांच विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने के दौरान मुंबई को शुरुआती झटके लगे और टीम मुश्किल में पड़ गई, लेकिन सूर्यकुमार यादव और नमन धीर ने अहम साझेदारी की। हालांकि, चेज के दौरान तिलक वर्मा स्लो खेले और अंत में उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। पांड्या 28* (16) ने उम्मीदों को जिंदा रखा, लेकिन अंत में वे भी टीम को जीत नहीं दिला सके।
वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की बात करें तो, उसे घरेलू मैदान पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ बुरी तरह हार मिली। मोहम्मद सिराज ने बेंगलुरु की धीमी पिच पर अपनी पिछली टीम को तहस-नहस कर दिया और तीन विकेट हासिल किए। लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा और टिम डेविड ने उपयोगी पारी खेली और टीम को 169-8 के स्कोर तक पहुंचाया। लेकिन यह स्कोर गुजरात के लिए पर्याप्त नहीं था। गुजरात ने धीमी शुरुआत की, लेकिन जोस बटलर और शेरफेन रदरफोर्ड ने साई सुदर्शन की शुरुआत को भुनाते हुए टीम को जीत दिलाई।