IPL 2025: अनिल कुंबले ने बताया कि RCB चिन्नास्वामी में बल्लेबाजी की समस्या से कैसे निपट सकती है?
बीते समय में आईपीएल में आरसीबी की कमान संभाल चुके हैं कुंबले
अद्यतन - Apr 24, 2025 9:27 am

राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के पहले सीजन के कप्तान व पूर्व भारतीय दिग्गज अनिल कुंबले ने हाल में ही जारी आईपीएल सीजन में रजत पाटीदार की अगुवाई में परेशानी का सामना कर रही, फ्रेंचाइजी को लेकर हाल में ही एक बड़ी प्रतिक्रिया दी है।
पूर्व लेग स्पिनर ने उन तरीकों का भी सुझाव दिया, जिनसे आरसीबी के बल्लेबाज जुनूनी आरसीबी प्रशंसकों के सामने अपनी परेशानियों पर काबू पा सकते हैं, जो हर मैच में चिन्नास्वामी स्टेडियम को खचाखच भर देते हैं।
गौरतलब है कि जारी आईपीएल में आरसीबी ने अपने होम ग्राउंड पर कुल तीन मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें तीनों में हार का सामना करना पड़ा है। इन तीनों मैचों में पहले बल्लेबाजी करते हुए आरसीबी ने 169/8, 163/7 और एक 14 ओवर के मुकाबले में 95/9 का स्कोर बनाया है, जो काफी चिंता का विषय है।
साथ ही कुंबले ने कहा है कि एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजी करने के लिए आसान नहीं है और विराट कोहली और देवदत्त को पारी के अंत तक खेलने का सोचना चाहिए, जिससे कि टीम में मौजूद रजत पाटीदार और फिल साल्ट अपना नेचुरल गेम खेल सकें।
अनिल कुंबले ने आरसीबी को दी अहम सलाह
बता दें कि फ्रेंचाइजी को लेकर हाल में ही जियोस्टार के साथ एक चर्चा करते हुए कुंबले ने कहा- चिन्नास्वामी में पहले बल्लेबाजी करते समय आरसीबी की चुनौती यह है कि अच्छे स्कोर का अनुमान लगाना मुश्किल है। आमतौर पर, 200 से नीचे का स्कोर सुरक्षित नहीं होता है, लेकिन इस साल पिच थोड़ी स्पंजी और चिपचिपी रही है, जो बल्लेबाजों की मदद नहीं करती है। इसके बावजूद, यह गेंदबाजों के लिए एक फायदा है।
चिन्नास्वामी में आरसीबी ने जिन तीन मैचों में पहले बल्लेबाजी की, उनमें उन्हें संघर्ष करना पड़ा। विराट कोहली और देवदत्त पडिक्कल को फिल साल्ट और रजत पाटीदार जैसे खिलाड़ियों को खुलकर खेलने का मौका देने के लिए, लंबे समय तक बल्लेबाजी करनी होगी।
यह पिच के बारे में नहीं है, बल्कि सही बल्लेबाजी दृष्टिकोण रखने के बारे में है। अगर कल आरसीबी पहले बल्लेबाजी करती है और पिच वैसी ही रहती है, तो मुझे विश्वास है कि विराट तालमेल बिठाएंगे और रन बनाएंगे।