IPL 2025: विराट कोहली ने एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में लगाई RR के गेंदबाजों की जमकर क्लास, RCB ने किया 200 रन का आंकड़ा पार
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 205 रन बनाए हैं।
अद्यतन - अप्रैल 24, 2025 9:31 अपराह्न

इस समय रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स के बीच आईपीएल 2025 का शानदार मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाज इस मैच में अपनी छाप नहीं छोड़ पाए। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 205 रन बनाए हैं।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंद पर 8 चौके और 3 छक्कों की मदद से 70 रन की तूफानी पारी खेली। विराट कोहली ने अपनी इस पारी के दौरान राजस्थान रॉयल्स के किसी भी गेंदबाज को नहीं छोड़ा और सभी के खिलाफ तगड़ा प्रहार किया। विराट कोहली के अलावा देवदत्त पड्डिकल ने भी कमाल की बल्लेबाजी करते हुए 50 रन का योगदान दिया।
देवदत्त पड्डिकल ने अपनी इस पारी के दौरान चार चौके और 3 छक्के जड़े। सलामी बल्लेबाज फिल साल्ट ने 26 रन की पारी खेली जबकि टिम डेविड ने 23 रन का योगदान दिया। आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार बड़ा स्कोर बनाने में नाकाम रहे और एक रन बनाकर आउट हो गए। जितेश शर्मा ने 20* रन की पारी खेली। राजस्थान रॉयल्स की ओर से बेहतरीन तेज गेंदबाज संदीप शर्मा ने चार ओवर में 45 रन देकर दो विकेट झटके।
राजस्थान रॉयल्स को प्लेऑफ की दौड़ में बने रहने के लिए और आरसीबी के खिलाफ मैच जीतने के लिए 206 रन की जरूरत है
राजस्थान रॉयल्स के लिए इस मैच को जीतना बेहद जरूरी है। अगर उन्हें इस मैच को जीतना है तो टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 20 ओवर में 206 रन बनाने होंगे। राजस्थान रॉयल्स की बात की जाए तो पिछले दो मैच में वह अच्छा प्रदर्शन दिखाने में नाकाम रहे थे। टीम के बल्लेबाजों को इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी करनी होगी और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के गेंदबाजों के ऊपर दबाव डालना होगा।
आरसीबी की बात की जाए तो उनके गेंदबाजों ने सीजन में घातक गेंदबाजी की है और राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ भी उन्हें अपनी छाप छोड़ते हुए देखा जा सकता है। फिलहाल आरसीबी अपनी बल्लेबाजी के प्रदर्शन से काफी खुश होगी।