IPL 2025: CSK के खिलाफ RR की जीत में क्या रहा मैच का टर्निंग पॉइंट, यहां जानें
राजस्थान रॉयल्स ने 6 विकेट से जीत हासिल की
अद्यतन - May 20, 2025 11:24 pm

आईपीएल 2025 का 62वां मुकाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला गया, जहां आरआर ने 6 विकेट से शानदार जीत हासिल की। इस मुकाबले का टर्निंग पॉइंट सीएसके द्वारा दिए गए 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन की साझेदारी रही।
दरअसल, सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के आउट हो जाने के बाद संजू सैमसन ने वैभव का पूरा साथ दिया और दूसरे विकेट के लिए 98 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी ने राजस्थान की जीत में अहम रोल निभाया। ऐसे में यह मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ। वैभव सूर्यवंशी ने 33 गेंदों में 57 रनों की पारी खेली, जबकि संजू सैमसन ने 31 गेंदों पर 41 रन बनाए।
जानें मैच का हाल
मुकाबले की बात करें, तो चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 187 रन बनाए। आयुष म्हात्रे ने 43 रनों की पारी खेली, तो डेवाल्ड ब्रेविस ने 42 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने 32 गेंदों में 39 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा कोई बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका।
राजस्थान रॉयल्स के गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया। युद्धवीर सिंह ने तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। वहीं आकाश मधवाल ने भी तीन विकेट अपने नाम किए। तुषार देशपांडे और वानिंदु हसरंगा को 1-1 विकेट मिला।
लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान ने तेज शुरुआत की, लेकिन 37 के कुल स्कोर पर यशस्वी जायसवाल (36) आउट हो गए। उन्हें अंशुल कंबोज ने बोल्ड किया। इसके बाद वैभव सूर्यवंशी और कप्तान संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचाया। लेकिन सूर्यवंशी 57 रन की अर्धशतकीय पारी खेल आउट हुए, जबकि संजू 41 रन बनाकर चलते बने।
दोनों के आउट होने के बाद रियान पराग (3) भी जल्दी आउट हो गए। हालांकि, ध्रुव जुरेल ने मैच फिनिश किया और उन्होंने 31* रनों की मैच विनिंग पारी खेली। हेटमायर 12* रन बनाकर नाबाद लौटे। इस तरह राजस्थान ने 17.1 ओवर में 4 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सीएसके की ओर से आर अश्विन ने सबसे अधिक 2 विकेट लिए।