जडेजा, रचिन, अश्विन सहित इन 7 खिलाड़ियों को रिलीज करो- IPL 2026 से पहले किसने दी CSK को ये सलाह
IPL 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन रहा है बेहद निराशाजनक।
अद्यतन - मई 21, 2025 12:05 अपराह्न

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल का ये सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं है। प्लेऑफ की रेस से बाहर होने वाली CSK इस सीजन पहली टीम बनी थी। उन्होंने 13 मैच खेले हैं जिसमें से उन्हें सिर्फ 3 में जीत मिली है। अभी उंनका एक मैच बाकी है। अगले सीजन को लेकर अब एमएस धोनी ने कहा है कि टीम अगले सत्र की तैयारी कर रही।
इसका मतलब है कि टीम अगले सीजन में नए खिलाड़ियों के साथ आ सकती है। आगामी ऑक्शन के लिए टीम ने अभी से ही प्लान बनाना शुरू कर दिया है। ऐसे में पूर्व क्रिकेटर और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने सीएसके को रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, रचिन रविंद्र जैसे 7 खिलाड़ियों को छोड़ने की सलाह दी है।
आकाश चोपड़ा ने CSK टीम को IPL 2026 से पहले दी ये सलाह
ESPN क्रिकइन्फो के शो ‘टाइम आउट’ में आकाश चोपड़ा ने कहा कि सीएसके को 7 खिलाड़ियों को रिलीज कर देना चाहिए। चोपड़ा ने कहा कि, ‘असल में मेरे पास एक लंबी लिस्ट है। मैं अश्विन, जडेजा, रचिन रविंद्र, डेवोन कॉनवे, विजय शंकर, दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी को रिलीज करना चाहूंगा।’
आकाश चोपड़ा ने सीएसके को जिन खिलाड़ियों से मुक्ति पाने की सलाह दी है, उनमें महेंद्र सिंह धोनी का नाम नहीं है। हालांकि, उसी शो में को-पैनलिस्ट संजय बांगर ने जरूर कहा कि अगले आईपीएल सीजन में धोनी शायद ही खेलते दिखें।
आकाश चोपड़ा ने रविंद्र जडेजा को कई मैचों में बल्लेबाजी क्रम में ऊपर भेजे जाने पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह अतार्किक है। चोपड़ा का मानना है कि डेवाल्ड ब्रेविस 4 नंबर के लिए सबसे अच्छे रहेंगे। रविंद्र जडेजा के लिए आईपीएल का यह सीजन कुछ खास नहीं रहा है। उन्होंने 13 मैच में 280 रन बनाए हैं जिनमें 2 अर्धशतक हैं। उन्होंने 38.38 के औसत से 8 विकेट हासिल किए हैं।