IPL 2026 में CSK के बैटिंग कोच होंगे सुरेश रैना..! पूर्व दिग्गज ने दिया बड़ा हिंट
आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स 14 में से सिर्फ 4 ही मैच जीत पाई।
अद्यतन - May 26, 2025 11:25 am

पांच-बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल का 18वां सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टूर्नामेंट के इतिहास में फ्रेंचाइजी ने पहली बार पॉइंट्स टेबल में आखिरी स्थान पर जगह बनाई। सीएसके 14 मैचों में से सिर्फ 4 ही जीत पाई। हालांकि, टीम ने अपने आखिरी लीग मैच में गुजरात टाइटंस को 83 रन से शिकस्त देकर सीजन को शानदार अंदाज में खत्म किया।
इसी के साथ चेन्नई ने अगले सीजन की तैयारियां भी शुरू कर दी है। मैच के बाद कप्तान एमएस धोनी ने कहा कि, जब ऋतुराज गायकवाड़ अगले सीजन में वापस आएंगे, तो उन्हें ज्यादा चीजों के बारे में चिंता करने की जरूरत नहीं है। उन्हें बस प्लेइंग 11 में से एक रोल में फिट होना होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स ने अगले सीजन में कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव करने का बड़ा फैसला ले लिया है। पूर्व दिग्गज खिलाड़ी सुरेश रैना ने 25 मई को GT vs CSK मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए बड़ा हिंट दिया कि वह आईपीएल 2026 में माइक हसी को बैटिंग कोच के रूप में रिप्लेस कर सकते हैं।
कमेंट्री करते हुए सुरेश रैना ने बोली ऐसी बात
GT vs CSK मैच के दौरान कमेंट्री करते हुए सुरेश रैना ने खुलासा किया कि, चेन्नई सुपर किंग्स अगले सीजन एक नए बैटिंग कोच की तलाश में हैं। रैना के साथी कमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने फिर कैंडिडेट का नाम जानने की कोशिश की और पूछा कि क्या कोच का नाम ‘S’ से शुरू होता है।
सुरेश रैना ने जवाब देते हुए अफवाहों को हवा दे दी और बोला कि, “उसने सबसे तेज अर्धशतक बनाया है”। आकाश चोपड़ा ने चुटकी लेते हुए कहा, “चलो हो गया भाई, आपने इसे सबसे पहले यहीं सुना।”
आपको बता दें, आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम है। यह कारनामा उन्होंने 2014 में 16 गेंदों में पंजाब किंग्स के खिलाफ किया था।