IPL 2025, LSG vs RCB: लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम के आंकड़ों और रिकॉर्ड्स पर डालिए एक नजर
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी।
अद्यतन - May 26, 2025 7:17 pm

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपना अंतिम लीग मैच खेलेगी। आरसीबी की टीम ने इस सीजन शानदार खेल दिखाया और प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है। वहीं लखनऊ के लिए यह सीजन काफी निराशाजनक रहा। टीम प्लेऑफ से बाहर हो गई है और अब घरेलू मैदान पर आखिरी लीग मैच में दमदार प्रदर्शन करना चाहेगी।
गुजरात टाइटन्स की लगातार दो हार ने तीसरे स्थान पर काबिज आरसीबी के लिए टॉप 2 में पहुंचने का रास्ता खोल दिया है। इस स्थान पर पहुंचने वाली टीम को महत्वपूर्ण लाभ होगा, क्योंकि टॉप 2 टीमें पहले क्वालीफायर में खेलती हैं, जहां विजेता टीम सीधे फाइनल में पहुंचती है और हारने वाली टीम को दूसरे क्वालीफायर में एक और मौका मिल जाता है।
आज शाम होने वाले मैच के बाद मुंबई इंडियंस (16 अंक) या पंजाब किंग्स (17 अंक) गुजरात टाइटंस (18 अंक) से आगे निकल जाएंगे। ऐसे में अगर आज आरसीबी की टीम हारती है, तो उसके टॉप 2 में जगह बनाने की संभावनाएं खत्म हो सकती है।
इकाना क्रिकेट स्टेडियम के आईपीएल आंकड़े और रिकॉर्ड
| मैच खेले गए | 21 |
| पहले बल्लेबाजी करते हुए जीत | 09 |
| चेज करते हुए जीत | 11 |
| नो रिजल्ट | 01 |
| मैच टाई | 00 |
| पहली पारी का औसत स्कोर | 170 |
| हाईएस्ट टीम टोटल | 235 |
| सफलतापूर्वक हाईएस्ट रन चेज | 206 |
खिलाड़ियों का आमना-सामना
मिचेल मार्श बनाम जोश हेजलवुड
आगामी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के दो बेहतरीन खिलाड़ी आमने-सामने होंगे। दोनों अपनी-अपनी टीमों के लिए अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। मार्श ने टी20 में हेजलवुड की केवल 7 गेंदों का सामना किया है, जिसमें उन्होंने बिना आउट हुए 12 रन बनाए हैं। दोनों खिलाड़ियों के बेहतरीन फॉर्म में होने के कारण फैन्स एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद कर सकते हैं।
विराट कोहली बनाम आवेश खान
आरसीबी के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली इस सीजन शानदार फॉर्म में नजर आए हैं। उन्होंने अपनी टीम के लिए बहुमूल्य रन बनाए हैं। वहीं तेज गेंदबाज आवेश खान भी लय में नजर आ रहे हैं। वह आगामी मैच में अपनी सटीक लाइन और लेंथ से कोहली को चुनौती देने की कोशिश करेंगे। बता दें कि आवेश ने टी20 में कोहली को दो बार आउट किया है और वह इस मुकाबले में भी ऐसा ही प्रदर्शन करना चाहेंगे।