PBKS vs RCB क्वालीफायर-1: पंजाब किंग्स को झटके पर झटका, पावरप्ले में टॉप-ऑर्डर बुरी तरह ध्वस्त
आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है
अद्यतन - May 29, 2025 8:24 pm

आईपीएल 2025 का पहला क्वालीफायर मुकाबला आज पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्थित महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। मैच में आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है और उनका यह फैसला फिलहाल सही साबित होता हुआ दिख रहा है।
पंजाब किंग्स ने पावरप्ले में ही अपने चार बड़े विकेट गंवा दिए हैं। पारी के दूसरे ओवर में यश दयाल ने सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या (7) को पवेलियन की राह दिखाई। तो वहीं अगले ओवर में भुवनेश्वर कुमार ने जबरदस्त फॉर्म में चल रहे प्रभसिमरन सिंह को आउट किया। वह 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद जोश हेजलवुड ने चौथे ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर (2) को वापस भेजा।
आरसीबी ने कसा शिकंजा
हेजलवुड ने अगला शिकार जोश इंग्लिस का किया, जो सिर्फ 4 रन बना सके। इस तरह पावरप्ले के अंदर ही पंजाब किंग्स का टॉप-ऑर्डर बुरी तरह ध्वस्त हो गया है। बैक टू बैक झटके लगने के बाद पंजाब किंग्स के फैन्स बेहद मायूस नजर आ रहे हैं।
अब उन्हें आने वाले बल्लेबाजों से बड़ी पारी की उम्मीद होगी। अगर पंजाब को मुकाबले में बने रहना है, तो यहां से उनके बल्लेबाजों को एक अच्छी साझेदारी करनी होगी और एक चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाना होगा। फिलहाल खबर लिखे जाने तक पंजाब किंग्स ने पावरप्ले में 4 विकेट के नुकसान पर 48 रन बनाए हैं। क्रीज पर मार्कस स्टोइनिस 10 रन और नेहल वढेरा 6 बनाकर मौजूद हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन कुछ इस प्रकार है
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, फिलिप साल्ट, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, जोश इंग्लिस, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहाल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अज़मतुल्लाह ओमरज़ाई, हरप्रीत बरार, अर्शदीप सिंह, काइल जेमिसन