IPL 2025 Final से पहले बढ़ी RCB की टेंशन, मैच नहीं खेलेंगे फिल साल्ट..! सामने आई बड़ी वजह
फिल साल्ट ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए इस सीजन में 387 रन बनाए हैं।
अद्यतन - जून 3, 2025 12:20 अपराह्न

IPL 2025 Final: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 9 साल के लंबे इंतजार के बाद आईपीएल फाइनल खेलने वाली है। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम 18 साल का लंबा इंतजार खत्म कर अहमदाबाद में ट्रॉफी अपने नाम करना चाहेगी। इस बीच, पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच से पहले बेंगलुरु टीम की टेंशन बढ़ गई है। रिपोर्ट्स के अनुसार, स्टार बल्लेबाज फिल साल्ट फाइनल मैच से बाहर हो गए हैं।
अपने घर लौट गए हैं फिल साल्ट
ESPNCricinfo के अनुसार, फिल साल्ट अपने पहले बच्चे के जन्म के लिए अपने घर लौट गए हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने फाइनल से पहले नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अभ्यास किया था। इस प्रैक्टिस सेशन के दौरान भी साल्ट कहीं दिखाई नहीं दिए। हालांकि, साल्ट एकमात्र ऐसे खिलाड़ी नहीं थे, जो प्रैक्टिस सेशन का हिस्सा नहीं थे।
फाइनल मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोच एंडी फ्लावर और कप्तान रजत पाटीदार ने साल्ट की गैरमौजूदगी को लेकर कोई जिक्र नहीं किया। बता दें, फ्लावर एक ऐसे व्यक्ति हैं जो अपने खिलाड़ियों के मामलों को अपने तक ही सीमित रखने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने एक बार चोटिल खिलाड़ियों को अपने विरोधियों को चकमा देने के लिए वार्म-अप प्रैक्टिस में तक शामिल किया था।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए साल्ट ने किया है शानदार प्रदर्शन
आईपीएल 2025 में फिल साल्ट ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 12 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उन्होंने 35.18 की औसत, 175.90 की स्ट्राइक रेट से 387 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से चार अर्धशतकीय पारियां भी देखने को मिली है। क्वालीफायर-1 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 27 गेंदों में 56 रन की नाबाद पारी खेल उन्होंने टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी।
जैकब बैथेल पहले ही नेशनल ड्यूटी के चलते स्वदेश लौट गए हैं। ऐसे में साल्ट की गैरमौजूदगी से आरसीबी को परेशानियों का सामना करना पड़ेगा। टिम सीफर्ट को फ्रेंचाइजी ने रिप्लेसमेंट के रूप में साइन किया था। लेकिन मयंक अग्रवाल ओपनिंग स्लॉट के लिए सबसे बेस्ट विकल्प लग रहे हैं। अगर फिल साल्ट उपलब्ध नहीं रहते हैं तो विराट कोहली के साथ मयंक अग्रवाल ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं।