WTC Final 2025: पहले दिन का खेल खत्म, साउथ अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया से अभी भी 169 रनों से पीछे
ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी 212 रनों पर सिमट गई है।
अद्यतन - जून 11, 2025 11:10 अपराह्न

WTC Final 2025, AUS vs SA: वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल मैच आज 11 जून, बुधवार से ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच, लाॅर्ड्स क्रिकेट गाउंड पर शुरू हो चुका है। पहले दिन की समाप्ति पर साउथ अफ्रीका ऑस्ट्रेलिया से अभी भी 169 रनों से पीछे हैं।
साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में कुल 212 रनों पर समेट दिया था। तो वहीं, पहले दिन के स्टंप के समय साउथ अफ्रीका की ओर से कप्तान तेम्बा बावुमा 3* और डेविड बेडिंघम 8* रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए स्टीव स्मिथ और ब्यू वेबस्टर ने खेली अर्धशतकीय पारियां
तो वहीं, मैच के पहले दिन के खेल के बारे में आपको जानकारी दें, तो साउथ अफ्रीका ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया, और टीम के फैसले को अफ्रीकन गेंदबाजों ने सही साबित कर दिखाया। पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 56.4 ओवरों में मात्र 212 रनों पर सिमट गई।
ऑस्ट्रेलिया को पहले दो झटके 7वें ओवर में लगे, जब कागिसो रबाडा ने इस ओवर मे उस्मान ख्वाजा (0) और कैमरन ग्रीन (4) को कैच आउट कराया। हालांकि, मिडिल ऑर्डर में टीम के लिए अनुभवी स्टीव स्मिथ (66) और व्यू वेबस्टर (72) ने बेहतरीन अर्धशतकीय पारियां खेली, और टीम का स्कोर 200 के पार लगाया।
लेकिन टीम के लिए मार्नस लाबुशेन (17) को अच्छी शुरुआत मिली, लेकिन वह बड़ा स्कोर नहीं बना पाए। साथ ही खतरनाक ट्रैविस हेड ने 11 रनों का योगदान दिया, तो एलेक्स कैरी ने 23 रन बनाए।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका की ओर से गेंदबाजी में अनुभवी कागिसो रबाडा ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए। इसके अलावा मार्को यान्सेन को 3 और केशव महाराज व एडेन मार्करम को 1-1 सफलता मिली।
इसके बाद दिन की समाप्ति पर साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 22 ओवर बाद 43 रन पर कुल 4 विकेट खो दिए हैं। एडेन मार्करम (0), रयान रिकेल्टन (16), वियान मुल्डर (6) और ट्रिस्टन स्टब्स (2) आउट हो चुके हैं। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क को 2 और जोश हेजलवुड व पैट कमिंस को 1-1 सफलता मिली है।
WTC फाइनल के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
ऑस्ट्रेलिया – उस्मान ख्वाजा, मार्नस लाबुशेन, कैमरून ग्रीन, स्टीव स्मिथ, ट्रैविस हेड, ब्यू वेबस्टर, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, नाथन लियोन, जोश हेजलवुड।
साउथ अफ्रीका – तेम्बा बावुमा (कप्तान), एडेन मार्करम, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड बेडिंघम, कायर वीरन (विकेटकीपर), मार्को यान्सेन, केशव महाराज, कागिसो रबाडा, लुंगी एंगीडी