‘ना गिल, ना नायर’, भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच ने नंबर-3 पर इस बल्लेबाज को चुना
शुभमन गिल की अगुवाई में टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार है।
अद्यतन - जून 12, 2025 1:15 अपराह्न

टीम इंडिया इस समय इंग्लैंड दौरे पर है और शुभमन गिल की अगुवाई में टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए तैयार है। सीरीज शुरू होने से पहले हेड कोच ने टीम को खास मैसेज दिया। वहीं इस बीच भारत के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगर का मानना है कि इंग्लैंड टेस्ट सीरीज के दौरान न तो शुभमन गिल और न ही करुण नायर को नंबर 3 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए।
बांगर को .लगता है कि शुभमन गिल चौथे नंबर पर खेल सकते है। इस तरह दिग्गज विराट कोहली के रिटायरमेंट के बाद खाली स्थान को वह भर सकते हैं। इसके अलावा उन्होंने नंबर तीन पर साई सुदर्शन या अभिमन्यु ईश्वरन को खिलाने का सुझाव दिया।
गिल नंबर-4 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं- संजय बांगर
इंडिया टुडे के अनुसार बांगर ने कहा, ‘इनमें से कोई भी मेरी राय में (गिल या करुण नंबर 3 पर?) नहीं है। अगर करुण खेल रहे हैं, तो वह निचले क्रम में बल्लेबाजी करेंगे। संकेत ये भी है कि शुभमन गिल नंबर 4 पर बल्लेबाजी कर सकते हैं। इसलिए, नंबर 3 के लिए साईं सुदर्शन और अभिमन्यु ईश्वरन के बीच टॉस होगा। ईश्वरन ने भी अभ्यास मैचों में से एक में अच्छा स्कोर बनाया।’
उन्होंने आगे कहा कि, ‘मुझे नहीं लगता कि इसमें कोई अंतर होगा। इन दोनों में से एक नंबर-3 पर खेलेगा। नंबर-4 पर शुभमन गिल होंगे और नंबर-5 पर ऋषभ पंत और नंबर-6 पर करुण नायर होंगे। मैं स्थिति को ऐसे ही समझता हूं।’
गेंदबाजी लाइनअप के बारे में बात करें, तो जसप्रीत बुमराह शुरुआत करने के लिए तैयार हैं और उनके साथ मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा शामिल हो सकते हैं। अर्शदीप सिंह और आकाश दीप केंट में इंट्रा-स्क्वाड मैच में अच्छा प्रदर्शन करना चाहेंगे।
नीतीश कुमार रेड्डी और शार्दुल ठाकुर टीम में दो सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर हैं। इन दोनों ने इंडिया ए और इंग्लैंड लायंस के बीच दो अनौपचारिक टेस्ट में अच्छा प्रदर्शन किया। इनमें से किसी एक को मौका मिल सकता है। शुक्रवार 20 जून से हेडिंग्ले, लीड्स में पहला टेस्ट शुरू होगा।