9 अगस्त, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - Aug 9, 2025 9:23 am

1. ZIM vs NZ दूसरा टेस्ट, दूसरा दिन: कॉनवे, निकोल्स और रविंद्र के 150 रनों ने बुलावायो में न्यूजीलैंड की पकड़ मजबूत की
डेवोन कॉनवे, रचिन रविन्द्र और हेनरी निकोल्स की 150 रन की आक्रामक पारियों की मदद से न्यूजीलैंड ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। बुलावायो में दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने 3 विकेट पर 601 रन बना लिए हैं और 476 रन की बढ़त बना ली है। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह केवल तीसरा मौका है जब तीन बल्लेबाजों ने एक ही पारी में 150 से अधिक रन बनाए हैं। इससे पहले 1938 में इंग्लैंड ने ओवल में और 1986 में भारत ने कानपुर में ऐसा किया था।
2. ENG vs IND 2025: ‘ब्रिस्बेन में जीत भारत के लिए ओवल से भी बड़ी’ पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने दिया चौंकाने वाला बयान
हाल में ही एनडीटीवी के टी-टोस्ट पाॅडकास्ट पर बात करते हुए सबा करीम ने कहा- भारत को ब्रिसबेन में मिली जीत बड़ी जीत थी। ऑस्ट्रेलिया में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था, और वो भी एक बेहद युवा टीम के साथ, जिसके ज्यादातर नियमित खिलाड़ी चोटिल होकर मैदान से बाहर थे। भारत के लिए इस तरह की जीत दर्ज करना अविश्वसनीय था।
3. ऑस्ट्रेलिया जीतेगा 2025-26 एशेज सीरीज, पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने किया बड़ा दावा
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क ने आगामी एशेज 2025-26 टेस्ट सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को इंग्लैंड की तुलना में अधिक मजबूत टीम बताया है। उन्होंने भविष्यवाणी की है कि पांच मैचों की इस सीरीज को ऑस्ट्रेलिया 3-1 से जीत जाएगा, जबकि एक मैच बारिश की वजह से बिना नतीजे के समाप्त होगा।
4. आगामी टी20 वर्ल्ड कप तक ऑस्ट्रेलिया की सलामी जोड़ी बने रहेंगे ट्रैविस हेड व मिचेल मार्श
ऑस्ट्रेलिया टी20 टीम के कप्तान मिचेल मार्श ने हाल में ही पुष्टि की है कि वे और बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज ट्रैविस हेड आगामी आईसीसी टी20 वर्ल्ड 2026 तक टीम की सलामी जोड़ी बने रहेंगे। गौरतलब है कि हाल में ही ऑस्ट्रेलियाई टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 5-0 से एकतरफा अंदाज में जीत हासिल की थी।
5. दिनेश कार्तिक ने जसप्रीत बुमराह के आलोचकों को दिया करारा जवाब
कार्तिक ने बुमराह के आलोचकों की सभी रायों को खारिज करते हुए कहा कि, “बुमराह इतने प्रभावशाली हैं कि कई बार दूसरे उनके सामने फीके पड़ जाते हैं, वह दबाव और बड़े मैचों से पीछे हटने वाले व्यक्ति नहीं हैं। वह विश्व चैंपियन हैं। जब वह क्रिकेट छोड़ देंगे, तो उनके बारे में ग्लेन मैक्ग्रा, शेन वॉर्न, डेल स्टेन जैसी ही बातें की जाएंगी”।
6. WI vs PAK 2025: नवाज-तलत की साझेदारी ने पाकिस्तान को पहले वनडे में जीत दिलाई
पदार्पण कर रहे हसन नवाज और अपना दूसरा मैच खेल रहे हुसैन तलत के बीच नाबाद 104 रनों की साझेदारी ने पाकिस्तान को 281 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी ओवर में ही पांच विकेट से जीत दिलाकर वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त दिला दी।
स्कोर: पाकिस्तान 284/5 (नवाज 63*, रिजवान 53, तलत 41*, जोसेफ 2-65)
वेस्टइंडीज 280 (लुईस 60, होप 55, चेज़ 53, अफरीदी 4-51, नसीम 3-55)
7. ENG vs IND 2025: ‘उन्होंने हद पार कर दी’ – दिनेश कार्तिक ने शुभमन गिल की कप्तानी पर अपनी पहली राय साझा की
पूर्व भारतीय क्रिकेटर दिनेश कार्तिक ने शुभमन गिल की कप्तानी की जमकर तारीफ की। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि शुभमन गिल कभी-कभी बहुत ज्यादा आक्रामक होकर अपनी सीमा पार कर जाते हैं, लेकिन उन्होंने समय के साथ सीखने की सलाह भी दी।
“वह कई बार आक्रामक रहे हैं; कभी-कभी उन्होंने अपनी सीमा लांघी भी। मुझे लगता है कि वह अपने बारे में यह बात कुछ हद तक बदलेंगे। उम्मीद है कि वह इसे ज्यादा नहीं बदलेंगे। लेकिन सबसे ज़रूरी बात यह है कि उन्होंने इंग्लिश मीडिया को जिस तरह से संभाला [वह बहुत अच्छा था]।
8. पूर्व कप्तान ग्रीम क्रेमर सात साल के अंतराल के बाद जिम्बाब्वे टीम में वापसी के लिए उपलब्ध
ज़िम्बाब्वे को एक बड़ी राहत मिल सकती है क्योंकि उनके पूर्व कप्तान ग्रीम क्रेमर एक बार फिर चयन के लिए उपलब्ध हैं। इस अनुभवी लेग स्पिनर ने मार्च 2018 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है। क्रेमर ने 2016 से 2018 तक राष्ट्रीय टीम का नेतृत्व किया था, उसके बाद उन्होंने क्रिकेट छोड़कर गोल्फ की ओर रुख किया था।