सिडनी में यादगार लम्हा: रोहित-कोहली के आखिरी मैच ने कर दीं ऑस्ट्रेलियाई कमेंटेटर्स की आंखें नम, देखें वीडियो

सिडनी में यादगार लम्हा: रोहित-कोहली के आखिरी मैच ने कर दीं ऑस्ट्रेलियाई कमेंटेटर्स की आंखें नम, देखें वीडियो

एक ऑस्ट्रेलियाई कमेंटेटर रोहित शर्मा और विराट कोहली को ऑस्ट्रेलिया में संभवतः आखिरी बार एक साथ बल्लेबाजी करते हुए देखकर अपने आंसू नहीं रोक सका।

 Australian commentator (Image Credit - Twitter X)
Australian commentator (Image Credit – Twitter X)

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला सिडनी में खेला गया, जो भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए बेहद भावनात्मक रहा। यह मुकाबला इसलिए खास था क्योंकि लंबे समय बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली की जोड़ी एक साथ बल्लेबाजी करने उतरी थी और शायद यह ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर उनका आखिरी मुकाबला साथ में था।

दरअसल, दोनों दिग्गज खिलाड़ियों ने पहले ही टी20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। अब वे केवल वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। करीब सात महीने बाद दोनों की वापसी हुई, और उन्होंने आते ही अपने पुराने अंदाज में बल्लेबाजी कर सभी को भावुक कर दिया।

रोहित-कोहली की साझेदारी देख कमेंटेटर की आंखें नम हुईं।

तीसरे और अंतिम वनडे में भारत को 237 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम इंडिया ने 38.3 ओवर में सिर्फ एक विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही रोहित कोहली की शानदार साझेदारी। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 168 रनों की नाबाद साझेदारी की। रोहित शर्मा ने 121 रन बनाए, जबकि विराट कोहली 74 रन बनाकर नाबाद लौटे।

इस ऐतिहासिक साझेदारी के दौरान एक भावुक पल सामने आया जब एक ऑस्ट्रेलियाई कमेंटेटर रोहित और कोहली को साथ बल्लेबाजी करते देख अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सका। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि वह आंखों में आंसू लिए इस जोड़ी की तारीफ कर रहा था। उसने कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों को साथ देखकर एक युग की यादें ताजा हो गईं।

हालांकि, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज 2-1 से जीत ली, लेकिन आखिरी मैच पूरी तरह से भारतीय बल्लेबाजों के नाम रहा। रोहित शर्मा को सीरीज़ का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। उन्होंने एडिलेड में अर्धशतक और सिडनी में शानदार नाबाद शतक लगाया। दूसरी ओर, कोहली शुरुआती दो मैचों में रन नहीं बना पाए थे, लेकिन तीसरे मैच में उन्होंने अपनी क्लासिक फॉर्म दिखा दी।

अब दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज में आमने सामने होंगी, जिसकी शुरुआत 29 अक्टूबर को कैनबरा के मनुका ओवल में होगी। लेकिन भारतीय फैंस के दिलों में यह ‘लास्ट डांस’ हमेशा याद रहेगा, जब दो महान खिलाड़ी एक साथ चमके और दुनिया भर के क्रिकेट प्रेमियों की आंखें नम कर गए।

close whatsapp