Women’s World Cup 2025: एलिसा हीली ने भारत से मिली हार पर जताई निराशा, कहा - 'खुद की गलतियों से मिली हार'

Women’s World Cup 2025: एलिसा हीली ने भारत से मिली हार पर जताई निराशा, कहा – ‘खुद की गलतियों से मिली हार’

यह मेरा आखिरी वनडे विश्व कप था- हीली

 Alyssa Healy (Image Credit - Twitter X)
Alyssa Healy (Image Credit – Twitter X)

नवी मुंबई में खेले गए महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बना ली। यह मैच रोमांचक रहा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया की कप्तान एलीसा हीली ने हार के बाद टीम के प्रदर्शन पर निराशा जताई।

एलिसा हीली ने यह बयान भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए महिला विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल मैच के बाद नवी मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दिया। उन्होंने माना कि यह मुकाबला उन्होंने खुद से गंवाया, क्योंकि बल्लेबाजी और फील्डिंग दोनों में टीम ने कई गलतियां कीं।

हीली ने कहा, अंत में अच्छा मुकाबला था, लेकिन ईमानदारी से कहूं तो हमने खुद से यह मैच खो दिया। शायद यह पहला मौका है जब ऐसा महसूस हुआ कि हमने खुद ही चीजें बिगाड़ीं। हमने बल्लेबाजी में मजबूत शुरुआत के बावजूद अंत में रन गति खो दी और फील्डिंग में तीन आसान कैच छोड़े। अगर वो मौके पकड़ लेते, तो नतीजा कुछ और हो सकता था।

टीम ने मौकों को भुनाने में चूक की: हीली

दरअसल, ऑस्ट्रेलिया एक समय 34वें ओवर में 220 पर 2 विकेट पर थी और 350 से अधिक के स्कोर की ओर बढ़ रही थी। लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने वापसी करते हुए उन्हें 49.5 ओवर में 338 रन पर रोक दिया। जवाब में भारत की जेमिमा रोड्रिग्स ने 134 गेंदों पर नाबाद 127 रन की शानदार पारी खेली और भारत को जीत दिलाई।

हीली ने स्वीकार किया कि टीम ने मौकों को भुनाने में चूक की। उन्होंने कहा, हमने दबाव बनाया, मौके भी बनाए, लेकिन उन्हें भुना नहीं सके। इसमें मेरी भी गलती है। ऑस्ट्रेलियाई टीम हमेशा छोटी-छोटी चीजों में सटीक रहने पर गर्व करती है, लेकिन आज हम वहीं चूक गए।

हालांकि, हार के बावजूद हीली ने अपनी टीम की तारीफ की और कहा कि पूरी प्रतियोगिता में टीम ने शानदार क्रिकेट खेला। उन्होंने युवा खिलाड़ियों, खासकर फीबी लिचफील्ड की 119 रनों की पारी की सराहना की और कहा कि अगली पीढ़ी ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को नई ऊंचाई देगी।

हीली ने यह भी पुष्टि की कि यह उनका आखिरी वनडे विश्व कप था। उन्होंने कहा, अब मैं अगले चक्र का हिस्सा नहीं रहूंगी। लेकिन मुझे भरोसा है कि ये टीम आने वाले सालों में और मजबूत होकर लौटेगी।

हमने आज जो गलतियां कीं, उनसे सीखेंगे और आगे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। भारत अब 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ फाइनल खेलेगा, जबकि हीली की विदाई इस हार के साथ ऑस्ट्रेलिया के लिए एक युग के अंत की तरह रही।

close whatsapp