Women’s World Cup 2025: फाइनल से पहले भारत बनाम साउथ अफ्रीका का वनडे में हेड-टू-हेड रिकॉर्ड क्या है?
आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का फाइनल भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच 2 नवंबर को नवी मुंबई के डॉ. डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।
अद्यतन - Oct 31, 2025 2:16 pm

आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का आखिरी और फाइनल मैच अब बहुत निकट आ चुका है। एक महीने की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद, फाइनल में मेज़बान भारत का सामना दक्षिण अफ्रीका से होगा।
यह ऐतिहासिक भिड़ंत रविवार, 2 नवंबर को नवी मुंबई के डॉ. डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में होगी। एक तरफ दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को पराजित करते हुए फाइनल में कदम रखा। तो वहीं भारत ने भी ऑस्ट्रेलियाई टीम को सेमीफाइनल में पाँच विकेटों से हराया।
फाइनल तक का सफर
भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को पराजित कर फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। ऑस्ट्रेलिया द्वारा दिए गए 339 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 5 विकेट और 9 गेंदें शेष रहते हुए जीत हासिल की, जिसमें 25 वर्षीय जेमिमा रोड्रिग्स ने नाबाद 127* रन जड़े और कप्तान हरमनप्रीत कौर की 88 गेंदों में 89 रनों की पारी ने भारतीय टीम को स्थिरता प्रदान की। दोनों ही खिलाड़ियों की यह पारी अत्यंत आवश्यक और मैच जिताऊ रही, जिसके कारण भारतीय टीम 2017 के बाद अपने पहले फाइनल में पहुँचने में सफल रही।
दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका ने इंग्लैंड को पूरी तरह से पछाड़कर 125 रनों की बड़ी जीत के साथ फाइनल में प्रवेश किया। उनकी जीत की नायिका स्वयं कप्तान और सलामी बल्लेबाज़ लौरा वोल्वरड्ट रहीं, जिन्होंने 169 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि मरिज़ैन कप्प ने 20 रन देकर 5 विकेट लेकर इंग्लिश बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर दिया।
वनडे में आमने-सामने का रिकॉर्ड, कौन किसपर भारी?
| विवरण | संख्या |
| कुल मैच खेले गए | 34 |
| भारत ने जीते | 20 |
| दक्षिण अफ्रीका ने जीते | 13 |
| कोई परिणाम नहीं | 1 |
दिलचस्प बात यह है कि इस साल के फाइनल में एक नया विश्व चैंपियन देखने को मिलेगा, क्योंकि न तो भारत और न ही दक्षिण अफ्रीका ने अब तक आईसीसी महिला वनडे विश्व कप जीता है। यह खबर विश्व क्रिकेट के इतिहास को ध्यान में रखते हुए, एक बहुमूल्य और बेशकीमती पल होने वाला है।
परंतु दोनों ही टीम के एक दूसरे के विरुद्ध वनडे के इस रिकॉर्ड को देखने के बाद यह कहना उचित होगा कि दक्षिण अफ्रीका पर भारतीय महिला टीम का पलड़ा भारी रहा है। हालांकि, मौजूदा टूर्नामेंट के राउंड-रॉबिन चरण में दोनों की मुलाकात हो चुकी है, जहाँ दक्षिण अफ्रीका ने भारत को 3 विकेट से हराकर जीत दर्ज की थी। इतिहास और गौरव दांव पर लगे होने के कारण, दोनों टीमें पहली बार प्रतिष्ठित ट्रॉफी उठाने के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहेंगी।