Women's World Cup 2025: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच पर बारिश का मंडराता साया

Women’s World Cup 2025: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच पर मंडराया बारिश का साया, इस जानकारी ने बढ़ाई फैंस की टेंशन

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का फाइनल रविवार यानी 2 नवंबर को डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।

Harmanpreet Kaur and Laura Wolvaardt (Image Credit- Twitter/X)
Harmanpreet Kaur and Laura Wolvaardt (Image Credit- Twitter/X)

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच रविवार, 2 नवंबर, 2025 को नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में होने वाले महिला वनडे विश्व कप फाइनल पर बारिश का बड़ा खतरा मंडरा रहा है। दोनों ही टीमें जहाँ अपना पहला महिला विश्व कप खिताब जीतने की ओर देख रही हैं, वहीं मौसम की ऐसी भविष्यवाणी ने क्रिकेट प्रशंसकों की चिंता बढ़ा दी है।

आज, 1 नवंबर को महाराष्ट्र में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जिसके तहत मुंबई और आस-पास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं रविवार, 2 नवंबर को बारिश की संभावनाएँ काफी अधिक हैं। एक्यूवेदर के अनुसार, फाइनल से ठीक पहले शनिवार को बारिश की 86 प्रतिशत संभावना है।

वहीं, रविवार (फाइनल के दिन) को 63 प्रतिशत बारिश होने का अनुमान है, जिसमें सबसे ज़्यादा खतरा मैच के दौरान शाम 4 बजे से 7 बजे के बीच है, जब बारिश की संभावना 50 प्रतिशत से अधिक रहेगी। इस प्रतियोगिता का आखिरी मुकाबला एक बार फिर डी वाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।

गौरतलब है कि भारत और बांग्लादेश के बीच ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच पहले ही बारिश के कारण रद्द किया जा चुका है, जिसके कारण आयोजकों की चिंता बढ़ गई है। यदि रविवार को मैच संभव नहीं हो पाता है, तो सोमवार को ‘रिजर्व डे’ के दिन यह मुकाबला खेला जाएगा। हालांकि, मौसम की भविष्यवाणी के अनुसार, रिजर्व डे पर भी बारिश का साया है, और सोमवार को भी बारिश की संभावना 55 प्रतिशत तक बनी रहेगी।

क्या होगा अगर यह फाइनल रद्द हो जाए?

यदि रविवार यानी 2 नवंबर और फाइनल के लिए प्रबंधित ‘रिजर्व डे’ के दिन भी बारिश के कारण मैच नहीं खेला जाता, तो यह विश्व कप का ख़िताब दोनों ही टीमों के बीच साझा किया जाएगा। क्रिकेट के सभी प्रशंसक यह आशा करेंगे कि बारिश के चलते इस अति-महत्वपूर्ण मुकाबले में कोई रूकावट न आए, और महिला क्रिकेट को एकदिवसीय क्रिकेट में एक 25 साल बाद एक नया विजेता मिल जाए।

close whatsapp