T20 WC 2026, IND vs USA: भारत ने तीसरे मुकाबले में यूएसए को 29 रनों से हराया

T20 WC 2026, IND vs USA: भारत ने तीसरे मुकाबले में यूएसए को 29 रनों से हराया

भारत के लिए सूर्यकुमार यादव ने खेली कप्तानी पारी

IND vs USA (Image Credit- Twitter X)
IND vs USA (Image Credit- Twitter X)

जारी आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के 10वें सीजन का तीसरा मैच आज 7 फरवरी, शनिवार को भारत और यूएसए के बीच, मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया। बता दें कि इस मुकाबले में मेजबान भारतीय टीम ने 29 रनों से जीत दर्ज कर, टूर्नामेंट में जीत के साथ शुरुआत की।

मुकाबले में बल्लेबाजी के लड़खड़ाने के बाद भी भारतीय टीम ने यूएसए के सामने जीत के लिए 162 रनों का लक्ष्य रखा। लेकिन जब यूएसए इस टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 132 रनों पर सिमट गई।

भारत बनाम यूएसए, मैच का हाल

मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो यूएसए ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद भारतीय क्रिकेट टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर कुल 161 रन बनाए। पावरप्ले में चार विकेट गंवाने के बाद भी भारतीय टीम ने कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों में 10 चौके व 4 छक्कों की मदद से 84* रनों की शानदार पारी खेली और टीम को एक सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

यूएसए की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो Shadley van Schalkwyk ने 4 ओवर में 25 खर्च करते हुए 4 विकेट हासिल किए। इसके अलावा हरमीत सिंह को 2 और अली खान व मोहम्मद मोहसिन के हाथ 1-1 सफलता लगी।

इसके बाद, जब यूएसए भारत से मिले 162 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी, तो वह 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर कुल 132 रन ही बना पाई। यूएसए के लिए टाॅप ऑर्डर ने बल्लेबाजी में निराश किया।

आंद्रे गूस 6, एस मुक्कामल्ला 2 और कप्तान मोनांक पटेल खाता भी नहीं खोल पाए। हालांकि, टीम के लिए मिडिल ऑर्डर में मिलिंद कुमार ने 34, संजय कृष्णमूर्ति ने 37 और शुभमन रांजने ने 37 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने की पूरी कोशिश की, लेकिन वे असफल रहे।

दूसरी ओर, भारतीय टीम की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो मोहम्मद सिराज को 3, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल को 2-2 और वरुण चक्रवर्ती के हाथ 1 सफलता लगी।

close whatsapp