T20 WC 2026: नेपाल के खिलाफ पहले मैच के लिए इंग्लैंड ने की प्लेइंग XI घोषित, बेन डकेट बाहर
टॉम बैंटन की टीम में एंट्री, कप्तान हैरी ब्रूक की अगुवाई में मजबूत फॉर्म के साथ टूर्नामेंट में उतरेगा इंग्लैंड
अद्यतन - Feb 7, 2026 11:03 pm

आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले से पहले इंग्लैंड ने नेपाल के खिलाफ प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे बड़ा फैसला अनुभवी बल्लेबाज बेन डकेट का बाहर होना रहा। हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे टी20 मैच में डकेट तीन गेंदों पर शून्य पर आउट हो गए थे, जिसके बाद चयनकर्ताओं ने उन्हें ड्रॉप करने का फैसला लिया।
बेन डकेट की जगह टीम में टॉम बैंटन को शामिल किया गया है, जो बल्लेबाजी क्रम में नंबर चार पर उतरेंगे। बैंटन के आने से इंग्लैंड के मिडिल ऑर्डर को मजबूती मिलने की उम्मीद है। उनके साथ जैकब बेथल और कप्तान हैरी ब्रूक मिलकर एक संतुलित और आक्रामक मध्यक्रम बनाते हैं, जो जरूरत पड़ने पर पारी को संभाल भी सकता है और तेजी से रन भी बना सकता है।
ऑलराउंड विकल्प के तौर पर सैम करन, विल जैक्स और लियाम डॉसन टीम को गहराई प्रदान करते हैं। ये तीनों खिलाड़ी बल्ले से अहम योगदान देने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं। गेंदबाजी विभाग में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर और ल्यूक वुड की जोड़ी पर जिम्मेदारी होगी, जबकि अनुभवी लेग स्पिनर आदिल राशिद इंग्लैंड के मुख्य स्पिन गेंदबाज होंगे।
खैर, जारी टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड को इस टूर्नामेंट में ग्रुप C में रखा गया है, जहां उनका सामना इटली, नेपाल, स्कॉटलैंड और वेस्टइंडीज से होगा। टीम इस विश्व कप में शानदार फॉर्म के साथ उतर रही है।
हाल के हफ्तों में इंग्लैंड ने आयरलैंड, न्यूजीलैंड और श्रीलंका के खिलाफ लगातार जीत दर्ज की है। खास तौर पर श्रीलंका दौरे पर 3-0 की क्लीन स्वीप ने, इंग्लैंड की ताकत का साफ संदेश बाकी टीमों को दे दिया है।
नेपाल के खिलाफ मुकाबले के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन:
फिल साल्ट, जोस बटलर, जैकब बेथल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद, ल्यूक वुड