अभिषेक शर्मा पर सस्पेंस बरकरार, क्या पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे भारत के विस्फोटक ओपनर?

अभिषेक शर्मा पर सस्पेंस बरकरार, क्या पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे भारत के विस्फोटक ओपनर?

आमिर की आलोचना, कप्तानों का भरोसा और विशेषज्ञों की अलग राय के बीच टीम इंडिया के सामने बड़ा फैसला, जोखिम उठाए या संयम बरते?

Abhishek Sharma (Image credit Twitter - X)
Abhishek Sharma (Image credit Twitter – X)

भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप का मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो में खेला जाना है। इस बड़े मैच से पहले सबसे ज्यादा चर्चा अभिषेक शर्मा की फिटनेस को लेकर हो रही है। सवाल साफ है क्या वह खेलेंगे? और अगर फिट हैं भी, तो क्या भारत को उन्हें इस अहम लेकिन शुरुआती ग्रुप मैच में जोखिम लेकर उतारना चाहिए?

बता दें कि अभिषेक हाल ही में पेट के संक्रमण की वजह से बीमार पड़ गए थे। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था और 11 फरवरी को छुट्टी मिली। बीमारी के कारण उनका लगभग दो किलो वजन कम हो गया। वह टीम के अभ्यास सत्र से भी दूर रहे और नामीबिया के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए। उनकी जगह संजू सैमसन को मौका मिला था।

हालांकि, अब अच्छी खबर यह है कि अभिषेक टीम के साथ वापस जुड़ चुके हैं। उन्होंने कोलंबो में अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया और लंबी बल्लेबाजी की। इससे संकेत मिलता है कि टीम प्रबंधन उन्हें खेलने के लिए तैयार मान रहा है। लेकिन पूरी तरह फिट होना और बड़े मैच के दबाव को झेलना, दोनों अलग बातें हैं।

अभिषेक पर बयानबाजी तेज, फैसला भारत के हाथ

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने अभिषेक की बल्लेबाजी शैली पर सवाल उठाए और उन्हें सिर्फ आक्रामक शॉट खेलने वाला खिलाड़ी बताया। मगर आंकड़े बताते हैं कि अभिषेक सिर्फ ताकत से नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और लय से भी खेलते हैं।

39 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 1297 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 200 है। उनके नाम दो शतक और आठ अर्धशतक भी हैं। पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों में उन्होंने 110 रन बनाए हैं।

पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि वे भारत की सबसे मजबूत टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं और उम्मीद करते हैं कि अभिषेक मैदान पर उतरें। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी इशारों में बताया कि अभिषेक टीम की योजना का हिस्सा हैं।

पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान आरोन फिंच ने सलाह दी है कि भारत को जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए, क्योंकि टूर्नामेंट एक मैच से नहीं जीता जाता। वहीं हरभजन सिंह का मानना है कि अगर अभिषेक क्रीज पर टिक गए, तो पाकिस्तान के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं। अब फैसला टीम प्रबंधन को करना है सुरक्षित रास्ता चुनना या बड़ा दांव खेलना। कोलंबो में होने वाला मुकाबला इस सवाल का जवाब दे देगा।

close whatsapp