रणजी ट्राॅफी में आकिब नबी का धमाका, इरफान पठान बोले – टेस्ट क्रिकेट से ज्यादा दूर नहीं

रणजी ट्राॅफी में आकिब नबी का धमाका, इरफान पठान बोले – टेस्ट क्रिकेट से ज्यादा दूर नहीं

सेमीफाइनल में घातक गेंदबाजी, जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी फाइनल में पहुंचाया

Irfan Pathan Auqib Nabi (Image credit Twitter - X)
Irfan Pathan Auqib Nabi (Image credit Twitter – X)

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 के सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन कर अपनी टीम को पहली बार फाइनल में पहुंचा दिया। इस यादगार जीत के बाद पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने नबी की जमकर तारीफ की और कहा कि वह टेस्ट क्रिकेट से ज्यादा दूर नहीं हैं।

बंगाल के खिलाफ मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने छह विकेट से जीत दर्ज की। पहली पारी में बंगाल ने 328 रन बनाए, जिसमें सुदीप कुमार घरामी ने 146 रनों की बेहतरीन पारी खेली। हालांकि, नबी ने 5 विकेट लेकर टीम को मुकाबले में बनाए रखा।

जम्मू-कश्मीर की पहली पारी मोहम्मद शमी की घातक गेंदबाजी (8/90) के सामने लड़खड़ा गई और टीम 231/8 पर संकट में थी। ऐसे समय पर नबी ने 54 गेंदों में 42 रन बनाकर युधवीर सिंह (33 रन) के साथ नौवें विकेट के लिए 64 रन जोड़े। टीम 302 तक पहुंची और पहली पारी का अंतर सिर्फ 26 रन रह गया।

आकिब को इरफान ने बताया भारत के भविष्य का सितारा

दूसरी पारी में नबी ने कमाल कर दिया। उन्होंने पहली ही गेंद पर सुदीप चटर्जी को एलबीडब्ल्यू आउट किया। इसके बाद कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन का विकेट भी लिया और 4/36 के आंकड़े के साथ मैच में कुल 9 विकेट (9/123) झटके। बंगाल की टीम दूसरी पारी में सिर्फ 99 रन पर सिमट गई। 126 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए जम्मू-कश्मीर ने 126/4 बनाकर ऐतिहासिक जीत हासिल की।

इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर नबी को ‘डीजल इंजन’ बताया। उनका कहना है कि नबी शुरुआत में थोड़ा समय लेते हैं, लेकिन लय में आने के बाद रुकते नहीं। वह लंबे स्पेल डाल सकते हैं और थकते नहीं। पठान के अनुसार, नबी की सीधी सीम और लेट मूवमेंट उन्हें खास बनाती है।

इस सीजन में नबी ने 55 विकेट लिए और 243 रन भी बनाए। पठान मानते हैं कि भारत को रेड-बॉल क्रिकेट के लिए 7-8 तैयार तेज गेंदबाजों की जरूरत है और नबी उनमें शामिल हो सकते हैं।

close whatsapp