Middle East War का असर क्रिकेट पर, अब नहीं होगी 6 मैचों की ये सीरीज
आइए आपको इस खबर के बारे में विस्तार से बताते हैं
अद्यतन - मार्च 11, 2026 11:10 पूर्वाह्न

इस समय यूएसए-इजरायल-ईरान के बीच युद्ध हो रहा है, जिसकी वजह से अन्य देशों की अर्थव्यवस्था का हर क्षेत्र प्रभावित हो रहा है। तो वहीं, अब मिडिल ईस्ट वाॅर का असर क्रिकेट पर देखने को मिला है। वाॅर की वजह से 13 मार्च से श्रीलंका और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शुरू होने वाली व्हाइट बाॅल सीरीज को अनिश्चितकाल के टाल दिया गया है। इस सीरीज में तीन मैचों की टी20 और इतने ही मैचों की वनडे सीरीज शामिल थी।
गौरतलब है कि इस सीरीज की मेजबान अफगानिस्तान थी, जो अपने मैच यूएई में होस्ट करती, लेकिन यूएई में वाॅर के चलते हालाता स्थिर नहीं है। इस वजह से इस सीरीज को अनिश्चितकाल के टाल दिया गया है।
हाल में ही अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों ने मंगलवार, 10 मार्च को पुष्टि की कि संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में श्रीलंका के खिलाफ उनकी आगामी श्रृंखला को क्षेत्र में संयुक्त राज्य अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष के कारण स्थगित कर दिया गया है।
नसीब खान की प्रतिक्रिया
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने क्रिकबज के हवाले से कहा “जी हां, श्रीलंका के खिलाफ व्हाइट बॉल सीरीज स्थगित कर दी गई है। उड़ानों, रसद व्यवस्था और क्षेत्रीय स्थिति से संबंधित कुछ समस्याएं थीं। हमने श्रीलंका में इन मैचों के आयोजन के लिए एक दूसरा विकल्प भी तलाशा और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के साथ लगातार संपर्क में रहे। हालांकि, उस समय यूएई से श्रीलंका के लिए कोई उड़ान उपलब्ध नहीं थी।”
दूसरी ओर, अफगानिस्तान हाल में ही समाप्त हुए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में खेलती हुई नजर आई थी। टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद राशिद खान को टी20 टीम की कप्तान से हटाकर, इब्राहिम जादरान को नया कप्तान बनाया गया है। टी20 वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। अफगान टीम ने खेले गए चार मैचों में से 2 में जीत हासिल की और 2 मैचों में ही उसे हार का सामना करना पड़ा।