सुरेश रैना को रिलीज करने के चार साल बाद, CSK ने अपने पूर्व उप-कप्तान का अब जाकर किया सम्मान
आईपीएल में सीएसके के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं रैना
अद्यतन - Mar 23, 2026 11:07 am

पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सुरेश रैना का आईपीएल करियर का अंत एक दुखद तरीके से हुआ। आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन में रैना अनसोल्ड रहे थे। इस सीजन के मेगा ऑक्शन से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने रैना को रिलीज कर दिया था।
हालांकि, हैरानी की बात रही कि सीएसके ने मिस्टर आईपीएल कहे जाने वाले और टीम के लिए उस समय तक सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के लिए बोली नहीं लगाई। सीएसके के अलावा उस सीजन किसी अन्य टीम ने भी रैना के लिए बिड नहीं की। आईपीएल 2022 में अनसोल्ड रहने के बाद, रैना ने उस सीजन कमेंट्री टीम को जाॅइन किया, और उसके बाद साल के अंत में क्रिकेट से पूरी तरह से रिटायर हो गए।
दूसरी ओर, आईपीएल में सीएसके से अलग होने के बाद, रैना किसी भी तरह की भूमिका में सीएसके के साथ नजर नहीं आए हैं। लेकिन रैना को रिलीज करने के चार साल बाद, अब सीएसके अपने पूर्व उपकप्तान का सम्मान करती हुई नजर आई है।
बता दें कि 22 मार्च को सीएसके ने एमए चिदंबरम स्टेडियम में फैन मीट-अप इवेंट का आयोजन किया, जिसमें रैना को सीएसके के हाॅल ऑफ फेम में शामिल किया गया। रैना के अलावा टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज मैथ्यू हेडन को भी हाॅल ऑफ फेम में शामिल किया।
Before the legacy… there were these two.
Our first Hall of Fame inductees: Suresh Raina & Matthew Hayden 🏆#WhistlePodu #Roar26 pic.twitter.com/W2Q1D6lTXD
— Chennai Super Kings (@ChennaiIPL) March 22, 2026
गौरतलब है कि रैना ने सीएसके के लिए 12 सीजन खेले। साथ ही जब सीएसके पर दो साल (2016,17) का बैन लगा था, तो वह गुजरात लायंस की कप्तानी करते हुए नजर आए थे। रैना ने सीएसके के लिए 1 शतक और 33 अर्धशतक की मदद से कुल 4687 रन बनाए। वह चेन्नई के लिए आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में ऑलटाइम दूसरे नंबर पर हैं।
दूसरी ओर, आईपीएल के आगामी सीजन में सुरेश रैना कमेंट्री करते हुए नजर आ सकते हैं। साथ ही मैथ्यू हेडन गुजरात टाइटंस में बल्लेबाजी कोच की भूमिका में नजर आएंगे। यह आईपीएल में पहली बार होगा, जब हेडन कोचिंग की भूमिका में नजर आएंगे।