‘मेरे गेंदबाज शांत नहीं, फियरलेस हों’ – Shubman Gill का IPL 2026 से पहले बड़ा संदेश

‘मेरे गेंदबाज शांत नहीं, फियरलेस हों’ – Shubman Gill का IPL 2026 से पहले बड़ा संदेश

गिल की कप्तानी में नए जोश के साथ उतरेगी टीम

Shubman Gill IPL 2026 (Image credit Twitter - X)
Shubman Gill IPL 2026 (Image credit Twitter – X)

गुजरात टाइटन्स के कप्तान शुभमन गिल ने IPL 2026 से पहले अपनी टीम के गेंदबाजों को साफ संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि उनके तेज गेंदबाज मैदान पर आक्रामक और जोश से भरे नजर आएं। गिल का मानना है कि जीत के लिए टीम में ऊर्जा और आक्रामकता बहुत जरूरी है।

गिल ने ‘शुभारंभ 2026’ फैन इवेंट में मजेदार अंदाज में टीम के हेड कोच आशीष नेहरा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह अपने गेंदबाजों में नेहरा जैसा जोश और एटीट्यूड देखना चाहते हैं।

गिल ने हंसते हुए कहा कि वह नहीं चाहते कि उनके बॉलर शांत रहें, बल्कि वे मैदान पर पूरी तरह जोश में दिखें। उन्होंने नेहरा के पुराने वीडियोज का भी जिक्र किया, जहां वह ड्रॉप कैच या मिसफील्ड पर अपने अंदाज में रिएक्ट करते थे।

गुजरात टाइटंस का IPL 2025 सीजन अच्छा रहा, लेकिन टीम ट्रॉफी जीतने में सफल नहीं हो पाई। उन्हें एलिमिनेटर मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

गिल ने कहा कि टीम ने पूरे सीजन अच्छा क्रिकेट खेला, लेकिन कुछ गलतियों की वजह से खिताब हाथ से निकल गया। अब टीम उन्हीं कमियों को सुधारने पर ध्यान दे रही है, ताकि इस बार बेहतर प्रदर्शन किया जा सके।

कोच नेहरा का मजेदार जवाब

कोच आशीष नेहरा ने भी इस पर मजेदार प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उन्हें ज्यादा सोचने की जरूरत नहीं है, क्योंकि मैदान पर खेलना खिलाड़ियों का काम है। उन्होंने हंसते हुए कहा कि खिलाड़ी ही सब कुछ तय करेंगे, जबकि वह बाहर बैठकर मैच देखेंगे। नेहरा का यह बयान टीम के माहौल को हल्का और सकारात्मक दिखाता है।

नई शुरुआत के लिए तैयार टीम

गुजरात टाइटंस अपना पहला मैच 31 मार्च को पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में होगा। टीम के पास जोस बटलर, राशिद खान और मोहम्मद सिराज जैसे स्टार खिलाड़ी हैं। अब देखना होगा कि गिल की कप्तानी में टीम इस सीजन में कितना धमाल मचाती है।

close whatsapp