IPL 2026: ‘वैभव सूर्यवंशी को मिले भारतीय टीम में जगह’ इंग्लैंड दौरे से पहले माइकल वाॅन ने कर दी बड़ी मांग
कम उम्र में लगातार शानदार प्रदर्शन के चलते भारत का अगला बड़ा स्टार बनने की उम्मीद
अद्यतन - मार्च 31, 2026 10:55 अपराह्न

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने भारत के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत को इस 15 साल के प्रतिभाशाली बल्लेबाज को इंग्लैंड दौरे पर ले जाना चाहिए। वॉन का मानना है कि भले ही वह अभी टीम में नियमित जगह न बना पाए, लेकिन अंतरराष्ट्रीय माहौल में रहना उसके भविष्य के लिए बहुत फायदेमंद होगा।
वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में शानदार प्रदर्शन कर सबका ध्यान खींचा है। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ सिर्फ 17 गेंदों में 52 रन की धमाकेदार पारी खेली। उनकी इस तेज पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स (RR) ने मैच को 8 विकेट से आसानी से जीत लिया।
टीम में जगह पर वॉन की राय
वॉन ने यह भी माना कि भारत की मौजूदा टीम काफी मजबूत है, इसलिए तुरंत प्लेइंग इलेवन में जगह बनाना आसान नहीं होगा। लेकिन उन्होंने कहा कि ऐसे युवा खिलाड़ी को टीम के साथ जोड़ना जरूरी है। इससे उसे बड़े स्तर के क्रिकेट का अनुभव मिलेगा और वह आने वाले समय के लिए तैयार हो सकेगा।
माइकल वॉन ने साफ तौर पर कहा कि सूर्यवंशी में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने की क्षमता है। उन्होंने कहा कि अगर उसे एक-दो मैच खेलने का मौका भी मिलता है, तो यह उसके आत्मविश्वास को बढ़ाएगा। वॉन के अनुसार, युवा खिलाड़ी को धीरे-धीरे टीम के माहौल में ढालना ही सही तरीका है।
वैभव सूर्यवंशी ने बहुत कम उम्र में ही शानदार उपलब्धियां हासिल कर ली हैं। उन्होंने आईपीएल के अलावा विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया है।
इतना ही नहीं, उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रन की जबरदस्त पारी खेलकर भारत को खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।
जिस तरह से सूर्यवंशी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, उसे देखते हुए उन्हें भारत का भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा है। अगर उन्हें सही समय पर मौका और मार्गदर्शन मिलता है, तो वह आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट टीम के अहम खिलाड़ी बन सकते हैं।