IPL 2026: लगातार 3 हार के बाद मिली चेन्नई सुपर किंग्स को पहली जीत, दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराया 

IPL 2026: लगातार 3 हार के बाद मिली चेन्नई सुपर किंग्स को पहली जीत, दिल्ली कैपिटल्स को 23 रनों से हराया 

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए संजू सैमसन ने खेली मैच विनिंग पारी

CSK vs DC (Image Credit- Twitter X)
CSK vs DC (Image Credit- Twitter X)

चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच जारी आईपीएल 2026 का 18वां मैच आज 11 अप्रैल, शनिवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। बता दें इस मुकाबले में पांच बार की चैंपियन चेन्नई ने दिल्ली को 23 रनों से हरा दिया है। साथ ही टीम को लगातार तीन हार के बाद आखिरकार एक जीत नसीब हुई।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 213 रनों का एक मजबूत लक्ष्य दिल्ली के सामने जीत के लिए रखा, जिसका पीछा करते हुए कैपिटल्स 189 रनों पर सिमट गई व उसे लगातार दूसरे मैच में रनों का पीछा करते हुए हार का सामना करना पड़ा।

आईपीएल 2026, सीएसके बनाम डीसी मैच का हाल

मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं, तो दिल्ली कैपिटल्स ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए होम टीम चेन्नई सुपर किंग्स ने दो विकेट के नुकसान पर कुल 212 रन बनाए।

सीएसके के लिए सलामी विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन ने 56 गेंदों में 15 चौके और 4 छक्कों की मदद से 115* रनों की नाबाद पारी खेली और आईपीएल में अपना चौथा शतक पूरा किया। इसके अलावा रुतुराज गायकवाड़ ने 15 रन बनाए, तो आयुष मातरे 59 रन बनाकर रिटायर आउट हुए। अंत में शिवम दुबे 10 गेंदों में 20* रन बनाकर नाबाद रहे। डीसी के लिए गेंदबाजी में अक्षर पटेल को एकमात्र विकेट मिला।

इसके बाद, जब दिल्ली कैपिटल्स चेन्नई से मिले 213 रनों के बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी, तो वह 20 ओवरों में 189 रनों पर सिमट गई। टीम के लिए पाथुम निसंका ने 41 और केएल राहुल ने 18 रन बनाए, तो इनफाॅर्म समीर रिजवी (6) और अक्षर पटेल (1) ने आज बल्लेबाजी में निराश किया। डेविड मिलर ने 17 रन जोड़े। एक समय लग रहा था, जब ट्रिस्टन स्टब्स (60) क्रीज पर मौजूद थे कि दिल्ली मैच निकाल लेगी, लेकिन उनके आउट होते ही ये उम्मीद भी खत्म हो गई।

दूसरी ओर, सीएसके के लिए गेंदबाजों ने एक यूनिट की तरह गेंदबाजी की। जेमी ओवरटन ने 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, तो अंशुल कंबोज ने 3 विकेट हासिल किए। इसके अलावा खलील अहमद, गुर्जापनीत सिंह व नूर अहमद को 1-1 विकेट मिला।

close whatsapp