14 मई, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

14 मई, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Morning News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Morning News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. IPL 2026: केकेआर को 6 विकेट से हराकर आरसीबी ने प्लेऑफ की ओर बढ़ाए मजबूत कदम

जारी आईपीएल के मैच नंबर 57 में राॅयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराया। रायपुर के शहीद वीर नारायण स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में केकेआर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 193 रनों का लक्ष्य आरसीबी के सामने जीत के लिए रखा, जिसे मौजूदा चैंपियन टीम ने विराट कोहली (105*) की शतकीय पारी के दम पर 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

2. भुवनेश्वर कुमार ने क्यों ठुकराई ‘कमबैक’ की चर्चा, IPL 2026 में शांत दिमाग से कर रहे कमाल

आईपीएल 2026 में भुवनेश्वर कुमार एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में नजर आ रहे हैं। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए उन्होंने नई गेंद से स्विंग, डेथ ओवरों में सटीक गेंदबाजी और दबाव में विकेट निकालकर साबित किया है कि अनुभव आज भी टी20 क्रिकेट में बड़ी ताकत है। 11 मैचों में 21 विकेट लेकर वह पर्पल कैप की रेस में बने हुए  हैं और RCB की सफलता में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

उनके शानदार प्रदर्शन के बाद क्रिकेट जगत में टीम इंडिया में वापसी की चर्चा तेज हो गई है। कई पूर्व क्रिकेटर और विशेषज्ञ मानते हैं कि भारत को अभी भी ऐसे गेंदबाज की जरूरत है जो पावरप्ले और डेथ ओवर दोनों में भरोसेमंद साबित हो सके। लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह है कि खुद भुवनेश्वर इस चर्चा से पूरी तरह दूर नजर आते हैं।

भुवनेश्वर ने साफ कहा कि अब वह लंबे लक्ष्य बनाकर नहीं चलते। उनका मानना है कि जब भी उन्होंने बहुत आगे की सोच रखी, चीजें उम्मीद के मुताबिक नहीं हुईं। यही वजह है कि अब वह सिर्फ वर्तमान पर ध्यान दे रहे हैं। शायद यही सोच उन्हें मानसिक रूप से हल्का और मैदान पर ज्यादा प्रभावी बना रही है।

3. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए इंग्लैंड ने की टीम की घोषणा, जैक क्राॅली को नहीं दी जगह

इंग्लैंड क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाले पहले टेस्ट मैच के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। 4 जून से लॉर्ड्स में शुरू होने वाले इस मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने टीम में कई बड़े बदलाव किए हैं। सबसे बड़ा फैसला ओपनर ज़ैक क्रॉली को बाहर करने का रहा, जो पिछले दो सीजन से लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे थे।

इंग्लैंड ने इस बार युवा खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया है। पहली बार एमिलियो गे, जेम्स रेव और सन्नी बेकर को टेस्ट टीम में जगह मिली है। इसके अलावा तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन की दो साल बाद टीम में वापसी हुई है।

4. आईपीएल के बाद अफगानिस्तान टेस्ट से पहले वर्कलोड को मैनेज करेंगे बुमराह-सिराज

जारी आईपीएल 2026 के ठीक बाद भारतीय क्रिकेट टीम का एक बिजी शेड्यूल शुरू होने वाला है। भारतीय टीम के इस बिजी शेड्यूल की शुरुआत आईपीएल के फाइनल के ठीक पांच दिन बाद शुरू होगी, जब 6 जून से अफगानिस्तान के भारत दौरे की शुरुआत होगी। इस दौरे का पहला मैच 6 जून से भारत और अफगानिस्तान के बीच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।

तो वहीं, इस टेस्ट मैच से पहले पुरुष भारतीय क्रिकेट टीम की सेलेक्शन कमिटी खिलाड़ियों के वर्कलोड को मैनेज करने वाली है। वर्कलोड मैनेज करने की सूची में अनुभवी भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज का नाम पहले नंबर पर है। सेलेक्शन कमिटी के अलावा ये खिलाड़ी खुद अपने वर्कलोड को लेकर बोर्ड से बातचीत करने वाले हैं।

5. Women’s T20 WC 2026 के लिए ऑस्ट्रेलिया ने की टीम की घोषणा, लूसी हैमिल्टन को मिली जगह

ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम ने अगले महीने शुरू होने वाले आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। गौरतलब है कि इंग्लैंड और वेल्स में खेले जाने वाले इस मल्टीनेशन टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से हो रही है।

महिला टी20 विश्व कप के लिए ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम

सोफी मोलिनक्स (कप्तान), एशले गार्डनर (उप-कप्तान), ताहलिया मैकग्राथ (उप-कप्तान), एलिस पैरी, निकोला कैरी, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, ग्रेस हैरिस, फोबे लिचफील्ड, जॉर्जिया वोल, बेथ मूनी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वेयरहैम

अतिरिक्त रिजर्व खिलाड़ी: ताहलिया विल्सन

6. विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड, KKR के खिलाफ तूफानी शतक जड़ तोड़ा क्रिस गेल का बड़ा रिकाॅर्ड

आरसीबी की केकेआर के खिलाफ जीत में विराट कोहली नाबाद 105 रनों की पारी खेली। इस पारी के साथ कोहली ने क्रिकेट इतिहास में एक और बड़ा कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है। बता दें कि अब कोहली टी20 क्रिकेट में 14,000 रन बनाने वाले दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए विश्व के तमाम दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। विराट ने टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14 हजार रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया है। उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 409 पारियों में कर दिखाया है।

7. ‘यह फ्रेंचाइजी का घोर अपमान’, पूर्व इंग्लिश कप्तानों ने हार्दिक पांड्या की इस ‘कथित हरकत’ पर उठाया सवाल

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या चोट के कारण पिछले दो मैचों में नहीं खेले हैं और टीम अब प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। इस बीच इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन और एलिस्टर कुक ने ‘स्टिक टू क्रिकेट’ पॉडकास्ट के हालिया एपिसोड में हार्दिक पांड्या के इंस्टाग्राम विवाद पर प्रतिक्रिया दी। कुक और वॉन ने हार्दिक के ‘इस ड्रामे’ को फ्रेंचाइजी के प्रति सीधा घोर अपमान बताया। जब उनसे हार्दिक के एमआई को अनफॉलो करने की खबरों पर पूछा गया, तो कुक ने कहा,’आज की दुनिया में यह एक बड़ा अपमान है, है ना?’ वहीं, वॉन ने जोड़ा, ‘यह बहुत नीचा वार है।’ जब कुक ने पूछा कि क्या हार्दिक की चोट असली थी, तो वॉन ने जवाब दिया, ‘वह चोटिल थे, लेकिन वे आरसीबी से आखिरी गेंद पर हार गए। यह तो सीधे तौर पर अपमान है।’

8. IPL 2026: CSK को बड़ा झटका, जेमी ओवरटन टूर्नामेंट से हुए बाहर

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के स्टार ऑलराउंडर जेमी ओवरटन दाहिने जांघ की चोट के कारण इंग्लैंड वापस लौट गए हैं। सीएसके ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए ये जानकारी दी। सीएसके ने बताया कि ओवरटन आगे की जांच और इलाज के लिए यूके जा रहे हैं।  टीम ने यह साफ नहीं किया कि वह पूरे बाकी सीजन से बाहर हैं या नहीं, लेकिन उनके अगले तीन लीग मैचों के लिए उपलब्ध न होने की संभावना काफी ज्यादा है।

close whatsapp