क्रिस गेल की तरह अब गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी से भी डरेंगे: इरफान पठान

क्रिस गेल की तरह अब गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी से भी डरेंगे: इरफान पठान

आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे हैं 15 वर्षीय वैभव

Vaibhav Sooryavanshi and Irfan Pathan (Image Credit- Twitter X)
Vaibhav Sooryavanshi and Irfan Pathan (Image Credit- Twitter X)

वैभव सूर्यवंशी के तूफानी प्रदर्शन के चलते जारी आईपीएल 2026 के मैच नंबर 64 में राजस्थान राॅयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 7 विकेट से जीत हासिल की और प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा।

एलएसजी से मुकाबले में 221 रनों के मजबूत लक्ष्य का पीछा करते हुए सूर्यवंशी ने बल्ले से विरोधी टीम के गेंदबाजों पर कहर बरपाया। 15 वर्षीय वैभव ने 38 गेंदों में 7 चौके और 10 छक्कों की मदद से 93 रनों की मैच विनिंग पारी खेली। साथ ही मुकाबले में 10 छक्के लगाने के बाद वैभव के नाम जारी आईपीएल सीजन में 53 छक्के दर्ज हो गए।

अब वह साल 2012 में क्रिस गेल द्वारा लगाए गए 59 छक्कों के रिकाॅर्ड को पीछे छोड़ने से महज 7 छक्के दूर हैं। तो वहीं, वैभव की वर्तमान फाॅर्म को देखकर लग रहा है कि वह जल्द ही इस रिकाॅर्ड को भी अपने नाम कर लेंगे। साथ ही लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने 500 रनों का आंकड़ा भी छुआ और सबसे कम उम्र में आईपीएल के एक सीजन में 500+ रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।

दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी के इस शानदार प्रदर्शन से प्रभावित होकर पूर्व भारतीय ऑलराउंडर व क्रिकेट कमेंटेटर इरफान पठान की बड़ी प्रतिक्रिया सामने आई है। इरफान ने कहा है कि क्रिस गेल की तरह अब गेंदबाजों के लिए वैभव एक खौफनाक बल्लेबाज खिलाड़ी बनने वाले हैं।

इरफान पठान की बड़ी प्रतिक्रिया

आरआर बनाम एलएसजी मैच के बाद, जियोस्टार पर चर्चा करते हुए पठान ने कहा- “53 छक्कों के साथ, वह वास्तव में क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को तोड़ने की ओर बढ़ रहे हैं, जो 2012 से कायम है। गेंदबाज के तौर पर, हम हमेशा क्रिस गेल का सामना करने से डरते थे। वैभव सूर्यवंशी वही डर पैदा कर रहे हैं, और गेल का रिकॉर्ड निश्चित रूप से खतरे में है।”

ऑरेंज कैप की रेस में सबसे आगे

बता दें कि आईपीएल 2026 की ऑरेंज कैप फिलहाल वैभव सूर्यवंशी के पास है। वह इस कैप को हासिल करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी भी बन गए हैं। वैभव ने खबर लिखे जाने तक खेले गए 13 मैचों में 44.54 की औसत और 236.33 के तूफानी स्ट्राइक रेट से कुल 579 रन बनाए हैं।

close whatsapp