SRH vs RR: ‘हमारे पास वैभव के लिए कई प्लान हैं’ एलिमिनेटर मैच से पहले कप्तान पैट कमिंस का बड़ा बयान
आईपीएल के जारी सीजन का एलिमिनेटर मैच आज सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान राॅयल्स के बीच खेला जाएगा
अद्यतन - मई 27, 2026 5:19 अपराह्न

आईपीएल 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला आज 27 मई, बुधवार को शाम 7.30 बजे से सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान राॅयल्स के बीच, न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
तो वहीं, इस मैच में एक बार फिर से क्रिकेट फैंस की नजर राजस्थान राॅयल्स के 15 वर्षीय विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर टिकी होंगी। वह अकेले अपने दम पर मैच जिताने का दम रखते हैं। साथ ही हैदराबाद के खिलाफ अपने आखिरी मुकाबले में उन्होंने शतकीय पारी भी खेली थी।
दूसरी ओर, राजस्थान राॅयल्स के खिलाफ मुकाबले से पहले वैभव सूर्यवंशी की चुनौती को स्वीकार करते हुए, सनराइजर्स हैदराबाद टीम के कप्तान पैट कमिंस ने बड़ा बयान दिया है। कमिंस ने कहा है कि उनके पास वैभव को लेकर कई प्लान है।
पैट कमिंस का बड़ा बयान
हैदराबाद बनाम राजस्थान मुकाबले से पहले जियोस्टार से बात करते हुए कमिंस ने कहा, ‘एक गेंदबाज के तौर पर यह हमेशा एक संतुलन बनाने जैसा होता है कि आप यह समझें कि आप क्या अच्छा करते हैं और अपनी ताकत के हिसाब से कैसे गेंदबाजी करेंगे। लेकिन जब हर टीम की प्लेइंग इलेवन में एक या दो ऐसे खिलाड़ी होते हैं जो विरोधी टीम से मैच छीन सकते हैं, तो आप प्लान ‘बी’ या प्लान ‘सी’ पर काम करने में थोड़ा ज्यादा समय बिताते हैं।’
उन्होंने आगे कहा, ‘हम उनके (वैभव) लिए योजना बनाएंगे। भले ही उन्होंने पिछली बार हमारे खिलाफ शतक बनाया था, लेकिन मुझे लगता है कि कुछ समय ऐसा भी था जब हमने उनके सामने काफी अच्छी गेंदबाजी की थी और उन्हें शांत रखा था। वहीं दूसरी तरफ वह हमसे आगे निकल गए। इसलिए, हम उससे सीख लेंगे।’
पैट कमिंस ने आगे कहा, ‘जाहिर तौर पर आप फिर से बिल्कुल शून्य से शुरुआत करते हैं, लेकिन आप पिछले मैचों से सीख जरूर लेते हैं। हमने उनके खिलाफ दो बार खेला है। हमने उनके कई खिलाड़ियों को करीब से देखा है। हमारे कई खिलाड़ी उन मैचों को याद कर सकते हैं जहां उन्हें सफलता मिली थी और फाइनल्स में जाने से पहले उस पर भरोसा कर सकते हैं।’