8 जून, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - जून 8, 2026 9:46 पूर्वाह्न

1. T20 कप्तान बनते ही श्रेयस अय्यर का बड़ा बयान, बोले- यह मेरे लिए शानदार चुनौती है
मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान श्रेयस अय्यर ने कहा कि बचपन से ही उन्हें चुनौतियों का सामना करना पसंद रहा है। उन्होंने बताया कि मुंबई में क्रिकेट का स्तर बहुत ऊंचा है और यहां हर युवा खिलाड़ी मुंबई टीम का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखता है।
अय्यर ने कहा कि जब वह छोटे थे, तब उन्हें लगातार कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा। इसी माहौल ने उनके अंदर जीतने की मानसिकता विकसित की। उनका मानना है कि चुनौतियां ही किसी खिलाड़ी को मजबूत बनाती हैं और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
2. बड़ी खबर! पीसीबी टेस्ट कोच सरफराज अहमद और कप्तान शान मसूद को हटाने की कर रहा है प्लानिंग
पाकिस्तान क्रिकेट टीम को हाल ही में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) में हलचल तेज हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड अब टेस्ट टीम के मुख्य कोच सरफराज अहमद और कप्तान शान मसूद के भविष्य पर बड़ा फैसला लेने की तैयारी कर रहा है।
PCB के करीबी सूत्रों के अनुसार, बोर्ड टीम के टेस्ट सेटअप में बड़े बदलाव करना चाहता है। बांग्लादेश के खिलाफ मिली हार के बाद PCB अध्यक्ष मोहसिन नकवी के सलाहकारों ने टीम की पूरी संरचना में बदलाव का सुझाव दिया है।
3. टीम इंडिया में चयन के बाद वैभव सूर्यवंशी का बड़ा सपना, बोले- ’10-20 साल तक क्रिकेट पर राज करना है’
राजस्थान रॉयल्स के साथ बातचीत में वैभव ने कहा कि उनका सपना सिर्फ भारत के लिए खेलना नहीं है। वह अगले 10 से 20 साल तक क्रिकेट में अपना दबदबा बनाए रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जब लोग क्रिकेट मैचों को याद करें, तो उनका नाम ऐसे खिलाड़ी के रूप में लिया जाए जो अकेले दम पर मैच का रुख बदल सकता था। वैभव ने कहा कि वह लगातार मेहनत कर रहे हैं और चाहते हैं कि उनके खेल में ऐसा प्रभाव दिखाई दे, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें।
4. ENG vs NZ: गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को वर्षा बाधित लाॅर्ड्स टेस्ट में 115 रनों से हराया
न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम इस समय तीन मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए इंग्लैंड दौरे पर है। तो वहीं, आज 7 जून को दोनों टीमों के बीच लंदन के ऐतिहासिक लाॅर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर जारी पहला टेस्ट मैच खत्म हुआ, जिसमें मेजबान टीम ने 115 रनों से जीत हासिल की।
वर्षा बाधित इस मुकाबले में इंग्लैंड ने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के चलते जीत हासिल की और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मुकाबले में इंग्लैंड टीम में काफी समय बाद वापसी कर रहे कमबैक किंग ओली राॅबिन्सन ने 7 विकेट झटके, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवाॅर्ड दिया गया।
5. शुभमन गिल को लेकर BCCI सतर्क, थकान से बचने के लिए वर्ल्ड कप 2027 पर ध्यान लगाने के लिए कहा
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान शुभमन गिल को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए टीम में जगह नहीं मिली है। IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन के बाद भी उनका चयन न होना कई क्रिकेट प्रशंसकों के लिए हैरानी की बात रही। हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक यह फैसला उनकी फिटनेस और भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) शुभमन गिल के बढ़ते कार्यभार को लेकर चिंतित है। गिल इस समय भारत की टेस्ट और वनडे टीम के कप्तान हैं। इसके अलावा वह IPL में भी गुजरात टाइटंस की कप्तानी करते हैं।
6. IND vs AFG, Day 2: मानव सुथार की फिरकी में फंसा अफगानिस्तान, भारत से 451 रन से पीछे
मुल्लांपुर, न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत ने मजबूत पकड़ बना ली है। दिन का खेल खत्म होने तक अफगानिस्तान का स्कोर 113/5 (39.5 ओवर) था और वे भारत की पहली पारी के स्कोर (564/8 घोषित) से 451 रन पीछे हैं।
7. धोनी, गांगुली और द्रविड़ को पीछे छोड़ गिल ने टेस्ट कप्तान के तौर पर रचा इतिहास! किया ये बड़ा कारनामा
अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच में शुभमन गिल का शानदार शतक न सिर्फ मैच की स्थिति के लिहाज से अहम था, बल्कि उस उपलब्धि के लिए भी महत्वपूर्ण था जो उन्होंने इसके जरिए हासिल की।
दूसरे दिन की शुरुआत में 126 रन पर आउट होने से पहले उन्होंने 15 चौके और एक छक्का लगाया। इस पारी के साथ, वह सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाले भारतीय कप्तानों की टॉप-5 लिस्ट में शामिल हो गए हैं। युवा कप्तान ने पूर्व कप्तान एमएस धोनी और सौरव गांगुली को भी पीछे छोड़ दिया है। यह भारत के टेस्ट कप्तान के तौर पर गिल का छठा शतक था।
8. सौरव गांगुली, धोनी, रोहित नहीं तो कौन है टेस्ट का भारतीय महानतम कप्तान? अंबाती रायडू ने दिया जबाव
पूर्व भारतीय बल्लेबाज बल्लेबाज अंबाती रायडू ने हाल में ही भारत के बेस्ट टेस्ट कप्तान का चयन किया है। रायडू के सामने देश के लगभग सभी बड़े कप्तानों का नाम रखा गया। जहां अंत में उन्होंने विराट कोहली (Virat Kohli) के नाम पर उन्होंने अपनी सहमति जताई। रायडू का मानना है कि कोहली भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास के महानतम कप्तान हैं।