IND vs AFG: दूसरे वनडे में अफगानिस्तान को 170 रनों से हराकर, भारत ने सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त
भारत ने अपने वनडे इतिहास की एक बड़ी जीत दर्ज की
अद्यतन - जून 17, 2026 9:46 अपराह्न

भारतीय क्रिकेट टीम ने लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे मैच में 170 रनों से बड़ी जीत हासिल कर, अफगानिस्तान के खिलाफ जारी वनडे सीरीज को अपने नाम करते हुए, 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने शुभमन गिल (154 रन, 110 गेंद) और ईशान किशन (125 रन, 79 गेंद) की बेहतरीन शतकीय पारियों के दम पर 403 रनों का एक विशाल लक्ष्य अफगानिस्तान के सामने जीत के लिए रखा, जिसका पीछा करते हुए वह 232 रनों के टीम स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
भारत बनाम अफगानिस्तान, दूसरे वनडे मैच का हाल
मैच के बारे में आपको विस्तार से बताएं तो अफगानिस्तान ने टाॅस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया, और यह फैसला टीम को काफी भारी पड़ गया। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 402 रन बनाए।
हालांकि, भारत को पहला झटका यशस्वी जायसवाल (4) के रूप में 9 रनों के टीम स्कोर पर लगा, लेकिन इसके बाद भारत ने बल्लेबाजी में कमाल का प्रदर्शन किया। पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने 48 रन बनाए, तो श्रेयस अय्यर ने 26 रन बनाए। तो वहीं, कप्तान शुभमन गिल ने 154 और ईशान किशन ने 125 शानदार शतकीय पारियां खेलकर, टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
दूसरी ओर, अफगानिस्तान क्रिकेट टीम की गेंदबाजी के बारे में बात की जाए तो एन खरोटी को सर्वाधिक 4 सफलता मिली। इसके अलावा राशिद खान को 3 और अल्लाह गजनफर व मोहम्मद सलीम सफी को 1-1 विकेट मिला।
इसके बाद, जब अफगानिस्तान भारतीय टीम से मिले 403 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी, तो वह मैन इन ब्लू की शानदार गेंदबाजी के सामने 44.3 ओवरों में 232 रनों पर सिमट गई। अफगान टीम के लिए रहमत शाह ने 79 रनों की बेस्ट पारी खेली, तो विकेटकीपर रहमनुल्लाह गुरबाज ने 41 और सेदिक अटल ने 42 रन बनाए। इसके अलावा और कोई खिलाड़ी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
तो वहीं, भारत की ओर से अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़ को 3-3 विकेट मिले। इसके अलााव डेब्यू कर रहे प्रिंस यादव को 2 विकेट मिले। साथ ही वाॅशिंगटन सुंदर के हाथ 1 सफलता लगी।