28 जून, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - जून 28, 2026 4:38 अपराह्न

1. ‘भारत आकर विराट कोहली से मिलना चाहता हूं’ नोवाक जोकोविच ने विंबलडन शुरू होने से पहले बताई दिल की बात
टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने एक बार फिर भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली के प्रति अपनी प्रशंसा जाहिर की है। विंबलडन 2026 की शुरुआत से पहले मीडिया से बातचीत में जोकोविच ने बताया कि वह और विराट अब तक आमने-सामने नहीं मिले हैं, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से दोनों एक-दूसरे के संपर्क में हैं।
दोनों समय-समय पर संदेशों के जरिए बात करते हैं और एक-दूसरे की उपलब्धियों की सराहना भी करते हैं। जोकोविच ने कहा कि वह जल्द ही भारत आने की योजना बना रहे हैं और उम्मीद करते हैं कि इस दौरान उनकी विराट कोहली से पहली मुलाकात होगी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह विराट के साथ टेनिस कोर्ट पर रैकेट चलाने के साथ-साथ क्रिकेट के मैदान पर भी हाथ आजमाना चाहेंगे।
2. भारत-आयरलैंड के बीच दूसरा टी20 मैच आज
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मैच आज 28 जून, रविवार को शाम 6 बजे से बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब मैदान पर खेला जाएगा। मेजबान टीम की नजर इस मैच में जीत हासिल कर, भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 सीरीज में जीत हासिल करने पर होंगी। तो वहीं, भारत पहले मैच में मिली 34 रनों की शर्मनाक हार को भुलाकर सीरीज में 1-1 की बराबरी करना चाहेगी।
3. WI vs SL: आमिर जांगू और रोस्टन चेज ने रचा इतिहास, टेस्ट क्रिकेट में छठे विकेट के लिए की रिकॉर्ड 401 रनों की साझेदारी
एंटीगा के सर विवियन रिचर्ड्स स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज आमिर जांगू और कप्तान रोस्टन चेज ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जो टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहले कभी नहीं हुआ था। दोनों ने छठे विकेट के लिए 401 रन की शानदार साझेदारी की और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी, लेकिन मुश्किल समय में जंगू और चेज ने पारी को संभाला। दोनों ने धैर्य और बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों को लंबे समय तक विकेट के लिए तरसाया। उनकी इस साझेदारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने पहली पारी में 9 विकेट पर 626 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
4. Women’s T20 WC 2026: वर्ल्ड कप में आयरलैंड का बड़ा उलटफेर, वेस्टइंडीज को हराकर खत्म किया 12 साल का सूखा
विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार (27 जून) को इतिहास रचा गया, जब आयरलैंड की महिला क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ छह विकेट से शानदार जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही उन्होंने महिला टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 12 साल और 21 मैचों से चली आ रही हार का सिलसिला खत्म कर दिया। 2014 से लगातार पांच टूर्नामेंट में हार का सामना करने के बाद, आयरिश टीम ने आखिरकार शानदार अंदाज में इस टूर्नामेंट में अपनी हार का सिलसिला तोड़ा।
5. क्रिकेट-फुटबॉल का आइकॉनिक क्रॉसओवर! भारतीय बल्लेबाज शुभमन गिल ने महान फुटबॉलर रोनाल्डिन्हो से की मुलाकात
भारत के कप्तान शुभमन गिल ने क्रिकेट के मैदान से दूर एक यादगार पल शेयर किया, जब वे अमेरिका में फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान ब्राजील के फुटबॉल आइकन रोनाल्डिन्हो गाउचो से मिले। रोनाल्डिन्हो, जिन्होंने ब्राजील के साथ 2002 का फीफा वर्ल्ड कप जीता था, कई मैच देखने के लिए स्टेडियम गए हैं, खासकर वे मैच जिनमें उनका देश खेल रहा था।
6. ‘ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेंगे आक्रामक क्रिकेट’ – ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ‘मस्ट-विन’ मैच से पहले स्मृति मंधाना ने किए अपने इरादे साफ
स्मृति मंधाना ने जोर देकर कहा कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ लॉर्ड्स में होने वाले महिला टी20 वर्ल्ड कप के अहम मुकाबले में भारत आक्रामक और निडर रवैया अपनाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों टीमों के बीच का फासला काफी कम हो गया है और यह भी बताया कि उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडन से बल्लेबाजी के बारे में सलाह ली थी।
मैच से पहले हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंधाना ने कहा, “जाहिर है, यह एक बड़ा मैच है। हम सभी ने इस बारे में काफी बात की है कि हम आक्रामक अंदाज में क्रिकेट खेलना चाहते हैं और कल (28 जून) हम सभी ऐसा ही करने की कोशिश करेंगे।”
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में भारत की हालिया सफलता और विमेंस प्रीमियर लीग जैसे टूर्नामेंट के असर की ओर इशारा किया। उन्होंने कहा, “हमने ऑस्ट्रेलिया में टी20 फॉर्मेट में अच्छा किया है। इससे हमें बहुत कॉन्फिडेंस मिलेगा। विमेंस प्रीमियर लीग के साथ, मुझे लगता है कि लड़कियां भी हाई प्रेशर वाले मैचों में पहले से थोड़ा बेहतर खेलने के लिए बहुत अच्छी तरह से तैयार हैं।”
7. Women’s T20 WC 2026: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टी20 वर्ल्ड कप मैच से पहले जानिए हेड टू हेड रिकाॅर्ड
भारतीय महिला और ऑस्ट्रेलिया महिला टीमों के बीच अब तक 38 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया का दबदबा रहा है। भारत ने 09 मैच जीते हैं, जबकि बांग्लादेश ने 27 जीत हासिल की हैं।
| मैच खेले | 38 |
| भारत ने जीते | 09 |
| ऑस्ट्रेलिया ने जीते | 27 |
| टाई/नो रिजल्ट | 02 |
| सबसे पहले मैच | 28 अक्टूबर, 2008 (ऑस्ट्रेलिया जीता) |
| हालिया मैच | 21 फरवरी, 2026 (भारत जीता) |
8. ‘रोहित खुद तय करें अपना भविष्य, उन्हें सब पता है’ – हिटमैन के ODI फ्यूचर को लेकर बोले पूर्व दिग्गज
भारत के पूर्व कप्तान दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि रोहित ने अपने करियर में बहुत कुछ हासिल किया है और उन्हें कितने समय तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेलना जारी रखना है, यह फैसला उन्हीं पर छोड़ देना चाहिए। वेंगसरकर ने मीडिया से कहा, “उन्होंने (रोहित ने) भारत और खुद के लिए बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। यह उन पर निर्भर करता है। वह पिछले (लगभग) 20 सालों से इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं और मुझे यकीन है कि उन्हें अच्छी तरह पता है कि आगे कैसे बढ़ना है।”