11 जुलाई, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

11 जुलाई, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. विंबलडन में फिर साथ दिखे सचिन और फेडरर, भावुक पोस्ट ने जीता फैंस का दिल, कहा ‘कुछ साझेदारियां….’

भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने टेनिस के दिग्गज रोजर फेडरर के साथ मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने लिखा कि कुछ साझेदारियां कभी खत्म नहीं होतीं और हमारी दोस्ती भी उन्हीं में से एक है।

सचिन ने फेडरर के साथ बिताए समय को खास बताते हुए दोबारा मिलने की उम्मीद भी जताई। दोनों दिग्गजों की यह मुलाकात विंबलडन के दौरान हुई, जिसकी तस्वीरें और संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए।

2. ‘श्रेयस अय्यर 10 सांपों के साथ खेल रहे हैं’ – भाई के समर्थन में विवादित रील लाइक कर फंसीं बहन श्रेष्ठा अय्यर, बवाल के बाद हटाया

भारतीय टी20आई कप्तान श्रेयस अय्यर अचानक सोशल मीडिया पर विवादों में घिर गए हैं। यह विवाद उनके मैदान पर किए गए प्रदर्शन की वजह से नहीं, बल्कि उनकी बहन श्रेष्ठा अय्यर की ऑनलाइन एक्टिविटी के कारण हुआ। श्रेष्ठा, जो एक प्रोफेशनल डांसर और कोरियोग्राफर हैं और इंस्टाग्राम पर उनके बहुत सारे फॉलोअर्स हैं, तब एक बड़े विवाद का कारण बनीं जब उन्होंने कथित तौर पर भारतीय क्रिकेट टीम को निशाना बनाने वाली एक बेहद विवादित रील को लाइक किया।

यह घटना तब हुई जब श्रेयस ने इंग्लैंड के खिलाफ चल रही पांच मैचों की सीरीज के चौथे टी20आई में 80 रनों की शानदार पारी खेली थी। उनके शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के बावजूद, टीम के नतीजे भारत के पक्ष में नहीं रहे। मैच के बाद, इंस्टाग्राम पर एक वायरल रील सामने आई जिसमें भड़काऊ कैप्शन लिखा था: “श्रेयस अय्यर 10 सांपों के साथ खेल रहे हैं।” इस कैप्शन का साफ मतलब था कि भारतीय प्लेइंग XI के बाकी खिलाड़ी किसी काम के नहीं थे, खराब प्रदर्शन कर रहे थे और टीम की हार के लिए पूरी तरह जिम्मेदार थे। इस वायरल रील पर श्रेयस की बहन का लाइक था।

3. IND W vs ENG W: मंधाना की जुझारू पारी की मुरीद हुईं दीप्ति शर्मा, लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन के बाद बांधे तारीफों के पुल

लॉर्ड्स में भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक दिन पर, ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने दबाव में शानदार बैटिंग करने के लिए उप-कप्तान स्मृति मंधाना की तारीफ की। मंधाना की नाबाद 83 रनों की पारी, साथ ही कप्तान हरमनप्रीत कौर (58) और खुद दीप्ति (57) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने पहली पारी में 285 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया; इसके बाद मेहमान टीम ने गेंदबाजी में शुरुआती सफलता हासिल करते हुए दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड का स्कोर 21/1 कर दिया था।

बाएं हाथ की ऑलराउंडर ने अहम साझेदारियों का श्रेय टॉप-ऑर्डर द्वारा तैयार की गई मजबूत नींव को दिया। “अच्छा लग रहा है कि मैं अहम समय पर यह साझेदारी कर पाई। इसका पूरा श्रेय हमारे 3-4 बल्लेबाजों को जाता है जिन्होंने अच्छी शुरुआत दिलाई। दीप्ति ने आईसीसी से बात करते हुए कहा, “जेमी, हैरी दी (हरमनप्रीत) और स्मृति। उन्होंने पारी को बहुत अच्छे से आगे बढ़ाया,”।

4. ENG vs IND” विल जैक्स ने की वैभव सूर्यवंशी की तारीफ, बोले- पूरी टीम का सबसे बड़ा आकर्षण हैं

इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स ने भारतीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की जमकर तारीफ की है। जैक्स वही गेंदबाज हैं जिन्होंने वैभव को उनके अंतरराष्ट्रीय टी20 डेब्यू मैच में पहली बार आउट किया था। ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए मुकाबले में उन्होंने अपनी ऑफ स्पिन गेंद पर वैभव को स्टंप आउट कराया था। जैक्स का मानना है कि भविष्य में यह बात क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक दिलचस्प ट्रिविया बन सकती है कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वैभव का पहला विकेट किस गेंदबाज ने लिया था।

विल जैक्स ने कहा कि उन्होंने वैभव को आईपीएल में करीब से खेलते हुए देखा है और तभी समझ गए थे कि यह खिलाड़ी बेहद खास है। उनके अनुसार, वैभव जैसे ही बल्लेबाजी करने मैदान पर आते हैं, दर्शकों का उत्साह कई गुना बढ़ जाता है। इतनी कम उम्र में जिस तरह का आत्मविश्वास और आक्रामक खेल वह दिखा रहे हैं, वह उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है।

5. ऐतिहासिक! पहली बार नेपाल दौरे पर जाएगी भारतीय टीम, दिसंबर में खेलेगी तीन मैचों की टी20 सीरीज

भारतीय पुरुष इंडिया ए क्रिकेट टीम इस साल दिसंबर में नेपाल का दौरा करेगी, जहां वह मेजबान टीम के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज खेलेगी। सभी मुकाबले नेपाल के कीर्तिपुर स्थित त्रिभुवन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में आयोजित किए जाएंगे। यह भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार होगा, जब भारतीय टीम नेपाल का दौरा करेगी।

इस दौरे को लेकर दोनों देशों के क्रिकेट बोर्ड के बीच सहमति बन गई है। यह फैसला स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में चल रहे आईसीसी की वार्षिक बैठक के दौरान लिया गया। सीरीज का पहला मुकाबला 9 दिसंबर को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 11 दिसंबर और तीसरा व अंतिम मुकाबला 13 दिसंबर को होगा। तीनों मैच एक ही मैदान पर खेले जाएंगे। यह सीरीज नेपाल के लिए अपनी टी20 टीम को मजबूत करने, और अंतरराष्ट्रीय स्तर की चुनौती का सामना करने का शानदार अवसर होगी।

6. UK में चोरी-छिपे खींची गई विराट कोहली की तस्वीरें, RCB टीममेट जॉर्डन कॉक्स ने बयां किया पूरा वाकया

इंग्लैंड के खिलाफ भारत की आने वाली वनडे इंटरनेशनल सीरीज से पहले, कोहली के रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के साथी जॉर्डन कॉक्स ने लंदन की एक हैरान करने वाली घटना के बारे में बताया।

आरसीबी में कोहली के साथी खिलाड़ी कॉक्स पिछले महीने लंदन में इस स्टार बल्लेबाज से मिले थे और उनकी मुलाकात की एक फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई थी। हाल ही में इस मुलाकात के बारे में बात करते हुए कॉक्स ने बताया कि दोनों ने मुलाकात को प्राइवेट रखने की पूरी कोशिश की थी, लेकिन फिर भी किसी ने उनकी फोटो खींच ली, जिससे वे हैरान रह गए।

7. ऐतिहासिक लॉर्ड्स टेस्ट में सोफी एक्लेस्टोन का कमाल! बनीं इंग्लैंड की सबसे सफल गेंदबाज

शुक्रवार, 10 जुलाई को सोफी एक्लेस्टोन ने इतिहास रच दिया; वह सभी इंटरनेशनल फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20आई) में इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गईं हैं। उन्होंने लॉर्ड्स में खेले जा रहे ऐतिहासिक टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ अपना रिकॉर्ड-तोड़ 336वां इंटरनेशनल विकेट लिया और कैथरीन सिवर-ब्रंट के 335 विकेट के पिछले करियर रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। लॉर्ड्स में खेले जा रहे ऐतिहासिक वन-ऑफ टेस्ट मैच के दौरान, एक्लेस्टोन ने सायली सतघरे को आउट करके यह उपलब्धि हासिल की।

8. ENG vs IND 2026: इंग्लैंड बनाम भारत पांचवा टी20आई मैच से पहले जानें हेड टू हेड रिकाॅर्ड्स

ENG vs IND हेड टू हेड रिकाॅर्ड (टी20आई क्रिकेट)

मैच खेले  34
भारत ने जीते 18
इंग्लैंड ने जीते  15
नो रिजल्ट/टाई 01/00
सबसे पहले मैच  19 सितंबर, 2007 (भारत ने जीता)
हालिया मैच  9 जुलाई, 2026 (इंग्लैंड ने जीता)

9. ENG vs IND 2026: इंग्लैंड बनाम भारत पांचवें टी20 मैच से पहले जानें पिच रिपोर्ट के बारे में

द रोज बाउल, साउथेम्प्टन: पिच रिपोर्ट

साउथैम्प्टन के रोज बाउल (यूटिलिटा बाउल) की पिच एक ठोस और अच्छी रोलिंग से तैयार की गई पिच है, जहां पिच पर अच्छे उछाल के चलते बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती है। हालांकि, नई गेंद से तेज गेंदबाजों को शुरुआती स्विंग भी मिल सकती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 166-172 रन है। टॉस जीतने वाली टीमें अक्सर पहले फील्डिंग करना पसंद करती हैं। इस मैदान की बाउंड्री लंबी हैं, जिससे स्पिनरों को विकेट लेने में मदद मिलती है क्योंकि वे बल्लेबाजों को बड़ी जगहों पर शॉट खेलने के लिए मजबूर कर सकते हैं।

close whatsapp