31 जुलाई, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

31 जुलाई, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।

Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)
Evening News Headlines (Image Credit- Twitter X)

1. ‘मैंने उनके बारे में अच्छा सुना है’ टीम के नए कोच स्टीफन फ्लेमिंग को लेकर किस इंग्लिश प्लेयर ने दिया ऐसा बयान?

इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने टेस्ट टीम के नए हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से टीम को काफी फायदा होगा। रॉबिन्सन ने बताया कि उन्होंने फ्लेमिंग के बारे में हमेशा अच्छी बातें सुनी हैं और वह उनके साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं। उनका मानना है कि फ्लेमिंग का अनुभव इंग्लैंड की टेस्ट टीम को नई दिशा देने में मदद करेगा।

रॉबिन्सन ने आई पेपर के हवाले से कहा कि फ्लेमिंग लंबे समय से दुनिया के सबसे सफल कोचों में गिने जाते हैं। उन्होंने अलग-अलग टीमों के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया है और खिलाड़ियों को निखारने में उनकी खास पहचान रही है। यही वजह है कि इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। रॉबिन्सन को उम्मीद है कि उनकी रणनीति और शांत स्वभाव टीम के लिए काफी फायदेमंद साबित होंगे।

2. वर्ल्ड कप 2027 के लिए अश्विन ने चुनी भारतीय टीम, वैभव सूर्यवंशी और संजू सैमसन को किया बाहर

पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए अपनी पसंदीदा भारतीय टीम का चयन किया है। उनकी टीम में कई अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है, लेकिन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को उन्होंने अपनी अंतिम सूची में शामिल नहीं किया। अश्विन का मानना है कि बड़े टूर्नामेंट में अनुभव और संतुलन सबसे अहम भूमिका निभाते हैं।

अश्विन ने अपनी टीम में रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और ईशान किशन को बल्लेबाजी की जिम्मेदारी दी है।ऑलराउंडर के तौर पर अश्विन ने हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को चुना है। स्पिन विभाग में उन्होंने कुलदीप यादव पर भरोसा जताया, जबकि तेज गेंदबाजी के लिए जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और हर्षित राणा को अपनी टीम में जगह दी।

3. Duleep Trophy में इस वजह से मिली 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तानी की जिम्मेदारी, ईस्ट जोन के सेलेक्टर ने किया खुलासा

23 अगस्त से शुरू हो रही दलीप ट्राॅफी 2026 में ईस्ट टीम में वैभव सूर्यवंशी को उपकप्तान बनाए जाने पर, ईस्ट टीम के सेलेक्टर कमिटी में झारखंड के प्रतिनिधि मनीष वर्धन ने क्रिकइन्फो के हवासे से कहा-

“हम सिर्फ आज के बारे में नहीं सोच रहे हैं। उप-कप्तान को कप्तान को करीब से देखने और यह समझने का मौका मिलता है कि टीम कैसे चलाई जाती है। हम चाहते थे कि वैभव टीम के साथ ज़्यादा जुड़े, क्योंकि हमें लगता है कि इससे उनके विकास में मदद मिलेगी। वह बहुत प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं और लगातार परिपक्व हो रहे हैं। उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपना उसी प्रक्रिया का एक और हिस्सा है।”

4. जसप्रीत बुमराह इस हफ्ते गेंदबाजी प्रैक्टिस शुरू करेंगे, श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए उनके फिट होने की उम्मीद

श्रीलंका दौरे पर होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए बीसीसीआई ने टेस्ट क्रिकेट के नंबर 1 गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को भारतीय टीम में चुना है। हालांकि, श्रीलंका दौरे पर मैच खेलना पूरी तरह से बुमराह की मैच फिटनेस के अधीन है। भले ही बुमराह को श्रीलंका दौरे के लिए चुना गया हो, लेकिन उनका खेलना पूरी तरह से फिट होने पर निर्भर रहेगा।

इस  बीच, बीसीसीआई के एक सोर्स ने टाइम्स ऑफ इंडिया से कहा- “बुमराह इस हफ़्ते से बॉलिंग शुरू करेंगे और धीरे-धीरे उनके वर्कलोड को बढ़ाया जाएगा। उन्हें फिर से लंबे स्पेल तक बॉलिंग करने की आदत डालनी होगी। सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की मेडिकल टीम इस पर बारीकी से नजर रखेगी और शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, वे पहला टेस्ट खेलने के लिए तैयार हो जाने चाहिए।”

5. WI vs PAK 2026: पाकिस्तान को बड़ा झटका, पूर्व कप्तान वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से हुआ बाहर

पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए वेस्टइंडीज दौरे पर है। तो वहीं, दोनों टीमों के बीच 2 अगस्त से पोर्ट ऑफ स्पेन में खेले जाने वाले दूसरे टेस्ट मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम को एक बड़ा झटका लगा है। बता दें कि पहले टेस्ट मैच में उंगली में लगी चोट के चलते पाकिस्तान के पूर्व कप्तान व अनुभवी बल्लेबाज शान मसूद, वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच से बाहर हो गए हैं। साथ ही उनकी यह चोट इतनी गंभीर बताई जा रही है कि उनका इंग्लैंड दौरे में भी खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है।

6. अजिंक्य रहाणे के रिटायरमेंट के बाद कौन बनेगा KKR का कप्तान? यहां जानें

अनुभवी भारतीय बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने 30 जुलाई, गुरूवार को क्रिकेट के सभी फाॅर्मेट से रिटायरमेंट की घोषणा कर दी है। रहाणे के संन्यास के बाद, अब तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को आईपीएल 2027 में एक नए कप्तान की तलाश होगी।

मौजूदा मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो केकेआर के मौजूदा उपकप्तान रिंकू सिंह फ्रेंचाइजी के नए कप्तान बनने की रेस में सबसे आगे नजर आ रहे हैं। वह केकेआर के साथ इस भूमिका में पिछले दो साल से हैं। गौरतलब है कि IPL 2025 से पहले रिंकू को पहली बार KKR का उप-कप्तान बनाया गया और फ्रेंचाइजी ने इस फैसले को उनके लीडरशिप डेवलपमेंट का हिस्सा बताया था।

7. आईसीसी वर्ल्ड कप 2027 का प्लान हुआ फाइनल, दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया के 12 मैदानों में खेले जाएंगे 57 मैच

आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में 12 वेन्यू पर खेला जाएगा। जिनमें वांडरर्स स्टेडियम, न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड, किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड और बोलैंड पार्क जैसे मशहूर स्टेडियम शामिल हैं। इस बड़े इवेंट के वेन्यू की घोषणा जोहान्सबर्ग आईसीसी के एक समारोह में की गई। 50 ओवरों के इस टूर्नामेंट में 14 टीमें कुल 57 मैच खेलेंगी।

इन 12 वेन्यू में साउथ अफ्रीका के 8 शहर, जिम्बाब्वे के 3 शहर और नामीबिया की राजधानी विंडहोक शामिल हैं। साउथ अफ्रीका में वर्ल्ड कप मैच वांडरर्स स्टेडियम (जोहान्सबर्ग), सेंचुरियन (त्शवाने), न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड (केप टाउन), किंग्समीड क्रिकेट ग्राउंड (डरबन), सेंट जॉर्ज पार्क (गेबेरहा), मंगांग ओवल (ब्लोमफोन्टेन), बोलैंड पार्क (पार्ल) और बफेलो पार्क (गेबेरहा शहर, जिसे पहले ईस्ट लंदन के नाम से जाना जाता था) में खेले जाएंगे।

8. ‘माय नेम इज गिल, आई नो हाउ टू किल’ शुभमन गिल की बहन शाहनील ने ली द ट्रेटर्स 2 में शानदार एंट्री

अमेजन प्राइम वीडियो ने अपने आगामी रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स 2’ (The Traitors 2) के लिए मशहूर सेलेब्रिटीज की पूरी लाइनअप का ऐलान कर दिया है। इस शो में भारतीय क्रिकेटर शुभमन गिल की बहन शाहनील गिल (Shahneel Gill) भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आएंगी। शाहनील आमतौर पर लाइमलाइट से दूर रहती हैं, लेकिन शो में उनकी एंट्री ने सबको चौंका दिया है।

गुरुवार,31 जुलाई को ‘द ट्रेटर्स 2’ के लॉन्च इवेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो में शाहनील अपना परिचय देते हुए पूरे कॉन्फिडेंस के साथ कह रही हैं, ‘माय नेम इज गिल, एंड आई नो हाउ टू किल’ (मेरा नाम गिल है, और मैं जानती हूं कि कैसे किल करना है)। पेशे से कंटेंट क्रिएटर शाहनील के इस बेबाक अंदाज और डायलॉग ने देशभर के फैंस को हैरान कर दिया है।

 

close whatsapp