NAM vs SA: दक्षिण अफ्रीका ने किया नामीबिया दौरे के लिए टीम का ऐलान, ब्योर्न फॉर्च्यून संभालेंगे कप्तानी
दक्षिण अफ्रीकी टीम में कई नए चेहरों को मौका देकर भविष्य की तैयारी पर दिया गया जोर
अद्यतन - अगस्त 11, 2026 7:57 अपराह्न

दक्षिण अफ्रीका ने अगस्त और सितंबर 2026 में होने वाले नामीबिया दौरे के लिए अपनी व्हाइट-बॉल टीम का ऐलान कर दिया है। टीम की कप्तानी अनुभवी ऑलराउंडर ब्योर्न फोर्टुइन ( Bjorn Fortuin ) को सौंपी गई है। इस दौरे पर दक्षिण अफ्रीका पहले नामीबिया और जिम्बाब्वे के साथ टी20 ट्राई-सीरीज खेलेगा। इसके बाद नामीबिया के खिलाफ पहली बार वनडे सीरीज भी खेलेगा।
एक ही टीम खेलेगी दोनों फॉर्मेट
टी20 ट्राई-सीरीज 28 अगस्त से 6 सितंबर तक विंडहोक में खेली जाएगी। इसके बाद 9 से 13 सितंबर तक दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी।
मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने बताया कि दोनों फॉर्मेट के लिए अलग-अलग टीम चुनने की जरूरत महसूस नहीं हुई। उनके मुताबिक मौजूदा टीम में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंड विकल्पों के लिहाज से पर्याप्त संतुलन है। इससे खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को मजबूत करने का भी मौका मिलेगा।
युवा खिलाड़ियों पर नजर
इस टीम में कई नए चेहरों को मौका दिया गया है। डुआन जैनसेन को पहली बार दक्षिण अफ्रीका की राष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया है। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया था और 2025-26 सीजन में वनडे कप के प्लेयर ऑफ द ईयर चुने गए थे।
कॉनर एस्टरहुइजन, जॉर्डन हरमन और नकाबानी मोकोएना को पहली बार वनडे टीम में जगह मिली है। वहीं ईथन बॉश को पहली टी20 इंटरनेशनल कॉल-अप मिली है। टीम में डेवाल्ड ब्रेविस, टोनी डी जोरजी और क्वेना मफाका जैसे युवा खिलाड़ी भी शामिल हैं।
कोच कॉनराड ने फोर्टुइन को अनुभवी और भरोसेमंद कप्तान बताया। उन्होंने कहा कि फोर्टुइन पहले लायंस की कप्तानी कर
चुके हैं और टीम को उनसे अच्छे नेतृत्व की उम्मीद है। नामीबिया के खिलाफ पहली वनडे सीरीज को भी दक्षिण अफ्रीका ने महत्वपूर्ण बताया है, क्योंकि टीम अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारी कर रही है।
इसी दौरान बांग्लादेश ए के खिलाफ सीरीज के लिए दक्षिण अफ्रीका ए टीम की घोषणा भी हुई है। मार्क्स एकरमैन दोनों फॉर्मेट में टीम की कप्तानी करेंगे। चार दिवसीय और वनडे सीरीज में कई नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है। सेनुरान मुथुसामी भी चोट से उबरने के बाद चार दिवसीय टीम में लौटे हैं।
ये भी पढ़ें – IPL फ्रेंचाइजी और पैसों का दबाव: चोटिल होने के बावजूद खेलने को मजबूर हैं खिलाड़ी, CoE सूत्र का बड़ा खुलासा