‘विराट कोहली की दी गई सलाह आएगी काम’ – पाकिस्तान सीरीज से पहले इंग्लैंड के जॉर्डन कॉक्स का बयान
जैकब बेथेल के चोटिल होने के बाद यह अहम जिम्मेदारी संभालने वाले कॉक्स ने इस बड़े मुकाबले से पहले अपनी मेन्टल स्ट्रेंथ को बेहतर बनाने का श्रेय भारतीय दिग्गज विराट कोहली को दिया है।
अद्यतन - अगस्त 18, 2026 10:45 पूर्वाह्न

Jordan Cox Virat Kohli advice: इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉर्डन कॉक्स अपने रेड-बॉल करियर की सबसे बड़ी चुनौती के लिए तैयार हैं। वह हेडिंग्ले में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरेंगे। जैकब बेथेल के चोटिल होने के बाद यह अहम जिम्मेदारी संभालने वाले कॉक्स ने इस बड़े मुकाबले से पहले अपनी मेन्टल स्ट्रेंथ को बेहतर बनाने का श्रेय भारतीय दिग्गज विराट कोहली को दिया है।
आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए कॉक्स ने कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर किया था। साथ बिताए उस समय के दौरान, इस इंग्लिश बल्लेबाज ने मुश्किलों से निपटने और टॉप-लेवल इंटरनेशनल क्रिकेट के भारी दबाव को संभालने के बारे में सलाह ली थी। कॉक्स को 2024 के आखिर में एक बड़ा झटका लगा था, जब एक मैच से ठीक पहले उंगली में फ्रैक्चर होने के कारण उनका टेस्ट डेब्यू करने का मौका हाथ से निकल गया था।
मैंने इस बारे में विराट से बात की थी: कॉक्स
कॉक्स ने ‘द इंडिपेंडेंट’ से कहा, “मेरे पास टेस्ट कैप पाने का मौका था, लेकिन मैं उसे हासिल नहीं कर पाया। सुनने में भले ही बुरा लगे, लेकिन मुझे लगा कि सब खत्म हो गया है। मुझे याद है कि मैंने इस बारे में विराट से बात की थी। उन्होंने कहा, ‘अरबों लोग ऐसे हैं जो मुझे जानते भी नहीं हैं। सुबह सूरज फिर निकलेगा।’ मैदान पर वे बहुत आक्रामक होते हैं, लेकिन मैदान से बाहर वे बहुत अच्छे इंसान हैं। मैं भी वैसा ही बनना चाहता हूं। मैं मैदान पर आक्रामक कैसे रहूं और बाहर आने पर लोग कहें कि ‘वह बहुत अच्छा इंसान है’? मुझे लगता है कि यह बात हमेशा मेरे साथ रहेगी।”