12 सितंबर, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
इस खबर में उन घटनाओं का संक्षिप्त विवरण दिया गया है, जिन्होंने आज क्रिकेट जगत में सुर्खियां बटोरीं।
अद्यतन - सितम्बर 12, 2026 9:29 पूर्वाह्न

1. Women’s Asia Cup 2026: दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 4 विकेट से हराकर श्रीलंका ने फाइनल में बनाई जगह
यूएई में जारी महिला एशिया कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल मैच 11 सितंबर, शुक्रवार को श्रीलंका और पाकिस्तान की महिला टीमों के बीच खेला गया। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में श्रीलंका ने चार विकेट से जीत हासिल कर, फाइनल में जगह बना ली है। अब उसका फाइनल में 13 सितंबर को भारत से सामना होगा। टाॅस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 131 रनों का लक्ष्य रखा था, जिसे श्रीलंका ने 6 विकेट खोकर रोमांचक तरीके से हासिल कर लिया।
2. MS Dhoni के पास CSK के 1 लाख से ज्यादा शेयर, ऑफ-मार्केट डील से खरीदे
पूर्व भारतीय कप्तान व दिग्गज क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी और चेन्नई सुपर किंग्स को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, CSK के पूर्व कप्तान एमएस धोनी के पास फ्रेंचाइजी के एक लाख से ज्यादा शेयर हैं। खास बात यह है कि इन शेयरों की खरीदारी किसी सार्वजनिक डील के जरिए नहीं, बल्कि निजी ऑफ-मार्केट ट्रांजैक्शन के जरिए हुई है। हालांकि, CSK ने धोनी के साथ हिस्सेदारी को लेकर किसी औपचारिक बातचीत से इनकार किया है।
3. अफगानिस्तान टी20 और एशियन गेम्स के लिए Yash Thakur की हुई टीम इंडिया में एंट्री, इस खिलाड़ी को करेंगे रिप्लेस
अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल और आगामी एशियन गेम्स 2026 से पहले भारतीय क्रिकेट टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। बता दें टीम इंडिया स्क्वाॅड में चोटिल हर्षित राणा की जगह यश ठाकुर को शामिल किया गया है। वह टीम में अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में शुरू हो रही टी20 सीरीज और उसके बाद, जापान में 24 सितंबर से शुरू होने वाले एशियन गेम्स 2026 तक बने रहेंगे।
4. पूर्व भारतीय कप्तान ने मैनेजमेंट से संजू सैमसन का सपोर्ट करने को कहा, बोले ‘सूर्यवंशी को मौके मिलेंगे’
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) ने संजू सैमसन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने टीम इंडिया मैनेजमेंट से सैमसन पर भरोसा बनाए रखने की अपील की है। रहाणे का मानना है कि कुछ खराब पारियों के बाद किसी खिलाड़ी को टीम से बाहर करना सही नहीं है। वहीं, उन्होंने युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को लेकर भी कहा कि आने वाले समय में उन्हें पर्याप्त मौके जरूर मिलेंगे।
5. लंदन में विराट कोहली से मिले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे, खेल और विकास पर हुई चर्चा
भारतीय क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने 11 सितंबर 2026 को लंदन में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) से मुलाकात की। शिंदे ने इस मुलाकात को सद्भावना भेंट बताया। दोनों के बीच महाराष्ट्र के विकास, सरकारी योजनाओं और खेल से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत हुई।
एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र में चल रही इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं और राज्य की आर्थिक स्थिति के बारे में विराट कोहली को जानकारी दी। उन्होंने सरकार की कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर भी चर्चा की। इसके साथ ही भारत में युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और अवसर देने को लेकर भी बातचीत हुई।
6. सचिन तेंदुलकर का क्रिकेट बैट से था खास जुड़ाव, इसलिए खुद करते थे बदलाव?
क्रिकेट के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) का बल्ले के साथ रिश्ता बेहद खास था। 24 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में सचिन ने 34,357 रन और 100 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाए। मैदान पर उनकी शानदार बल्लेबाजी के पीछे उनकी कड़ी तैयारी और अपने उपकरणों को लेकर खास पसंद भी शामिल थी।
सचिन ने हाल ही में बताया कि वह अपने बल्ले को लेकर कितने सजग रहते थे। उन्होंने एक तस्वीर शेयर की, जिसमें वह खुद कारपेंटरी किट की मदद से अपने बल्ले पर काम करते नजर आए। उनका कहना था कि वह बल्ले के आकार और वजन में छोटे-छोटे बदलाव खुद करते थे, ताकि वह उनके हाथों में बिल्कुल सही महसूस हो। सचिन के लिए बल्ला सिर्फ क्रिकेट खेलने का सामान नहीं था। वह चाहते थे कि बल्ला उनके हाथ और खेलने के अंदाज के अनुसार हो।
7. इंग्लिश पेसर रीस टाॅपली ने चुनी अपनी ऑलटाइम फेवरेट T20 XI, रोहित-धोनी को नहीं दी जगह
इंग्लैंड क्रिकेट टीम के अनुभवी बाएं हाथ के तेज गेंदबाज रीस टाॅपली (Reece Topley) ने, हाल में ही अपनी बेस्ट ऑलटाइम टी20 टीम का चयन किया है। तो वहीं, इस टीम में उन्होंने भारत को आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान एमएस धोनी और रोहित शर्मा को शामिल नहीं किया है, जिसने क्रिकेट जगत में एक बहस को जन्म दे दिया।
रीस टाॅपली की ऑलटाइम T20 XI
क्रिस गेल, जोस बटलर (विकेटकीपर), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, एबी डीविलियर्स, कीरोन पोलार्ड (कप्तान), शाहिद अफरीदी, लासिथ मलिंगा, ब्रेट ली, जसप्रीत बुमराह और मुथैया मुरलीधरन
8. अफगानिस्तान के खिलाफ पहले टी20 में भारत को अरुण जेटली स्टेडियम में मिला विजिटर ड्रेसिंग रूम, जानें क्यों हुआ ऐसा?
भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से तीन मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने जा रही है। सीरीज के तीनों मुकाबले दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जाएंगे। हालांकि, इस सीरीज में एक ऐसा बदलाव देखने को मिलेगा, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास में पहली बार हुआ है।
भारत को उसके ही घरेलू मैदान पर विजिटर यानी मेहमान टीम का ड्रेसिंग रूम दिया गया है। ऐसा इसलिए हुआ है क्योंकि इस सीरीज के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) को आधिकारिक मेजबान का दर्जा मिला है। प्रशासनिक रूप से अफगानिस्तान को होम टीम माना गया है, जबकि भारत मेहमान टीम के तौर पर खेलेगा।
9. ‘पाकिस्तान में टैलेंट की कमी नहीं’: इंग्लैंड में शर्मनाक प्रदर्शन के बावजूद कोच ने किया खिलाड़ियों का बचाव
इंग्लैंड के खिलाफ चल रही टेस्ट सीरीज में खराब प्रदर्शन के बावजूद, बैटिंग कोच माइकल स्मिथ ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम का जोरदार बचाव किया है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अनुभवहीन बल्लेबाजों वाली इस नई ट्रांजीशन वाली टीम को धैर्य, समय और विकास के लिए समर्थन की जरूरत है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने के बाद स्मिथ ने रिपोर्टर्स से कहा, “मेरे लिए पाकिस्तान में बहुत क्वालिटी है। हमने इसे कई सालों से देखा है और कई देशों में थोड़े-बहुत बदलाव होते हैं। यह एक ऐसा देश है जहां हमारे पास कुछ युवा खिलाड़ियों के साथ कुछ अनुभवी खिलाड़ी भी हैं, लेकिन यह सीखने की बात है और हम उन्हें कितनी जल्दी सिखा सकते हैं और टेस्ट के माहौल में सहज बना सकते हैं, इससे उन्हें लंबे समय में सच में मदद मिलेगी।”
10. बिना कोई रन दिए दोनों पारियों में लिए विकेट, मानव सुथार ने की 131 साल पुराने ऐतिहासिक रिकॉर्ड की बराबरी!
भारतीय बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स में काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन वन मैच में ग्लैमॉर्गन के खिलाफ वार्विकशायर का प्रतिनिधित्व करते हुए 131 साल पुराने एक रेयर फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड की बराबरी करके क्रिकेट इतिहास में अपना नाम दर्ज कराया।
ग्लेमोर्गन को 69 और 65 के कुल स्कोर पर आउट करने के बाद वार्विकशायर ने एक पारी और 257 रनों से शानदार जीत हासिल की। तेज गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बीच, सुथार ने एक असाधारण स्टैटिस्टिकल उपलब्धि हासिल की, फर्स्ट-क्लास मैच की दोनों पारियों में एक भी रन दिए बिना विकेट लेने का रिकॉर्ड (0 रन पर 3 विकेट)।